
लखनऊ में दीवार गिरने से हड़कंप (Image Source: Internet)
Lucknow: राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन अस्पताल परिसर में बड़ा हादसा हो गया। एनटीपीसी बिल्डिंग और साइबर हाइट्स के पास चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से दो मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास काम कर रहे लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार अस्पताल की नींव के पास खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान दीवार के पीछे की मिट्टी अचानक खिसक गई और वहां काम कर रहे मजदूर मिट्टी में दब गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मिट्टी तेजी से नीचे गिरी, जिससे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की और हाथों से मिट्टी हटाकर मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश की।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मिट्टी में दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया। इनमें से एक मजदूर अचेत अवस्था में मिला, जबकि दूसरा घायल था। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया।
UP News: सीएम की प्रथामिकता में शामिल कार्यों में बड़ी लापरवाही, 12 सचिव को नोटिस
विभूतिखंड थाने के इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान बाराबंकी जिले के रामनगर निवासी लक्ष्मी शंकर अवस्थी (35) के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मजदूर तुलसीराम को हल्की चोटें आई हैं और उसे लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय चार मजदूर काम कर रहे थे। जैसे ही मिट्टी खिसकनी शुरू हुई, दो मजदूर समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन बाकी दो लोग बाहर निकलने से पहले ही मिट्टी की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जिस जमीन पर अस्पताल का निर्माण हो रहा है, उसका नक्शा प्राधिकरण से स्वीकृत है। फिलहाल मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
मैनपुरी में दबंगों का कहर, घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, पत्नी से भी मारपीट का आरोप
मौके पर मौजूद लोगों ने दावा किया कि मिट्टी धंसने के बाद स्थानीय लोगों ने करीब आधे घंटे तक अपने स्तर पर राहत कार्य किया। उनका कहना है कि यदि समय रहते मशीनें और सहायता पहुंच जाती तो शायद जान बचाई जा सकती थी।
एसीएम सचिन वर्मा ने बताया कि मृतक मजदूर के परिवार को आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं और लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई है।
Location : Lucknow
Published : 30 April 2026, 2:15 PM IST
Topics : Construction Site Accident Laborer Death Case Lucknow News Uttar Pradesh News Vibhuti Khand Incident