
लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में युवक-युवती की मौत (Img: AI Generated Image)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में 22 जून को हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस हादसे में कुछ ऐसी कहानियां भी दफन हो गईं, जिन्हें सुनकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं। इन्हीं में से एक कहानी है 27 वर्षीय नीलेश कुमार और 30 वर्षीय अनामिका सामंत की, जो कुछ महीनों बाद शादी के बंधन में बंधने वाले थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
नीलेश कुमार और अनामिका सामंत अलीगंज स्थित एक एनिमेशन और गेमिंग सेंटर में साथ काम करते थे। रोजाना की मुलाकातों ने पहले दोस्ती का रूप लिया और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया और शादी की बात परिवारों तक पहुंची। खास बात यह रही कि दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया था।
कुछ दिन पहले ही अनामिका के माता-पिता पश्चिम बंगाल से लखनऊ आए थे। दोनों परिवारों की मुलाकात हुई और शादी को लेकर शुरुआती रस्में भी पूरी कर ली गई थीं। घर में खुशियों का माहौल था और सभी आने वाले समय की तैयारियों में जुटे थे।
लखनऊ अग्निकांड: सीएम योगी के निर्देश पर 4 अफसर तत्काल सस्पेंड, जानिए कौन हैं ये अधिकारी?
परिजनों के मुताबिक, शादी की तारीख तय करने के लिए अगले सप्ताह नीलेश का परिवार पश्चिम बंगाल जाने वाला था। इसके लिए ट्रेन टिकट भी बुक कराए जा चुके थे। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही दोनों की शादी की तारीख तय हो जाएगी और घर में शहनाइयां गूंजेंगी। नीलेश अपने तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे और पूरे परिवार के बेहद करीब थे। उनकी शादी को लेकर परिवार में खास उत्साह था। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि शादी की तैयारियों के बीच ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा।
नीलेश अपने करियर को लेकर काफी गंभीर थे। वह अपने परिवार के लिए नया घर भी तैयार करवा रहे थे। रिश्तेदारों के अनुसार, नीलेश अक्सर कहा करते थे कि वह प्रमोशन और सैलरी बढ़ने के बाद आर्थिक रूप से और मजबूत होना चाहते हैं। उनका सपना था कि नए घर में शिफ्ट होने के बाद ही शादी करें और अनामिका को दुल्हन बनाकर उसी घर में लेकर आएं। इसी वजह से दोनों ने शादी को अगले साल तक टालने का फैसला किया था।
लेकिन जिस घर में बहू के स्वागत की योजनाएं बन रही थीं, वहां अब बेटे के बिछड़ने का मातम पसरा हुआ है।
यह हादसा अनामिका के परिवार के लिए और भी ज्यादा दर्दनाक साबित हुआ। आग की इस घटना में सिर्फ अनामिका ही नहीं, बल्कि उनकी 27 वर्षीय चचेरी बहन सोमिल्या की भी दम घुटने से मौत हो गई। दोनों एक ही संस्थान में काम करती थीं और परिवार की उम्मीदों का बड़ा सहारा थीं। कुछ घंटों पहले तक परिवार शादी, कपड़ों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा कर रहा था, लेकिन शाम होते-होते सब कुछ बदल गया।
Location : Lucknow
Published : 23 June 2026, 1:57 PM IST