
लखनऊ कोटिंग सेंटर आगजनी मामला (Img: AI Generated Image)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सोमवार को एक दर्दनाक हादसे का गवाह बनी। अलीगंज इलाके में स्थित एक बहुमंजिला इमारत में दोपहर करीब 2:15 बजे अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में अब तक लगभग 15 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मृतकों में बड़ी संख्या छात्रों की बताई जा रही है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में जारी है।
जिस इमारत में आग लगी, वहां बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक संचालित हो रहे थे। वहीं दूसरे फ्लोर पर ‘लर्निंग स्पेस’ नाम की लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर चल रहा था। इसी मंजिल पर हेड हॉपर स्टूडियो भी संचालित था, जहां 3D आर्ट और गेमिंग से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग फैलते ही छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया ताकि धुएं से बच सकें। लेकिन हालात इतने खराब हो गए कि बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
लखनऊ के भीषण अग्निकांड से पिघले सीएम योगी, रद्द किये सारे कार्यक्रम, यूपी में बड़े एक्शन की तैयारी
हादसे के दौरान एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी। हालांकि नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि कुछ देर तक इमारत के भीतर से मदद की चीखें सुनाई देती रहीं। धुएं और आग की वजह से राहत दल को अंदर पहुंचने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
लखनऊ के पुरनिया (सेक्टर डी) स्थित कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। घायलों को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। घायलों के समुचित उपचार एवं हर संभव सहायता हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। छह एंबुलेंसों सहित विशेषज्ञ…
— Brajesh Pathak (@brajeshpathakup) June 22, 2026
घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य का जायजा लेने के दौरान वह भावुक हो गए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से 14 शव निकलते हुए देखे हैं। मौके की स्थिति देखकर उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना है। प्रशासन का पूरा ध्यान राहत कार्य और घायलों के इलाज पर है।
लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। pic.twitter.com/GR7TUpy82E
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 22, 2026
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा रद्द कर दिया और लखनऊ लौटने का फैसला किया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
यूपी की सबसे बड़ी खबर: लखनऊ कोचिंग सेंटर में आग से 15 से अधिक लोगों की मौत, कई झुलसे
फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती आशंका बेसमेंट में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। हालांकि जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां, SDRF और NDRF की टीमें घंटों तक राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं। कई हिस्सों तक पहुंचने के लिए इमारत की पिछली दीवार तक तोड़नी पड़ी।
Location : Lucknow
Published : 22 June 2026, 6:51 PM IST
Topics : Coaching Center Fire Lucknow Fire Lucknow News