Lucknow CBI Action: ’10 लाख नहीं दिए तो टेंडर निरस्त कर दूंगा’, तीन लाख की रिश्वत लेते RoC गिरफ्तार; कई ठिकानों पर छापेमारी

लखनऊ में सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने बिहार में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज एवं ऑफिशियल लिक्विडेटर रमेश कुमार को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर स्क्रैप उठाने का काम शुरू कराने के एवज में दस लाख रुपये मांगने का आरोप है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 1:20 PM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बिहार में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (RoC) एवं ऑफिशियल लिक्विडेटर रमेश कुमार को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

आरोपी अधिकारी पर स्क्रैप उठाने का काम दोबारा शुरू कराने के एवज में 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रिश्वत नहीं देने पर अधिकारी ने टेंडर निरस्त करने की धमकी भी दी थी। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी के लखनऊ और रायबरेली स्थित ठिकानों पर छापेमारी की है।

स्क्रैप उठाने के टेंडर में अड़ंगा डालने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के निशातगंज इलाके में रहने वाले अंकुर शर्मा की पत्नी के नाम पर 'रिद्धि सिद्धि' नाम की कंपनी संचालित है। कंपनी को बीते साल दिसंबर में बिहार के डालमियानगर स्थित रोहतास शुगर मिल की फैक्ट्री से स्क्रैप यानी कबाड़ उठाने का टेंडर मिला था।

टेंडर मिलने के बाद कंपनी ने फैक्ट्री से कुछ स्क्रैप उठा भी लिया था। हालांकि, आरोप है कि बिहार में ऑफिशियल लिक्विडेटर की जिम्मेदारी संभाल रहे रमेश कुमार की ओर से इस काम में लगातार बाधा डाली जा रही थी।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने स्क्रैप उठाने का काम बीच में ही रुकवा दिया था। इसके चलते टेंडर मिलने के बावजूद कंपनी का काम अधूरा रह गया था।

दस लाख रुपये नहीं देने पर टेंडर निरस्त करने की धमकी

शिकायतकर्ता अंकुर शर्मा के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले रमेश कुमार ने लखनऊ में उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान अधिकारी ने रुके हुए स्क्रैप को उठवाने के एवज में 10 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

अंकुर शर्मा का आरोप है कि रमेश कुमार ने धमकी दी थी कि यदि उन्हें 10 लाख रुपये नहीं दिए गए तो कंपनी का टेंडर निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद टेंडर किसी अन्य कंपनी को आवंटित कर दिया जाएगा।

अधिकारी की कथित रिश्वत की मांग और टेंडर निरस्त करने की धमकी से परेशान होकर अंकुर शर्मा ने सीबीआई की लखनऊ शाखा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने आरोपों का सत्यापन किया और आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

घर पर रिश्वत लेते गिरफ्तार, रायबरेली में भी छापेमारी

मंगलवार देर शाम सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने लखनऊ के वृंदावन कॉलोनी इलाके में स्थित रमेश कुमार के आवास पर कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में तीन लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीमों ने रमेश कुमार के लखनऊ और रायबरेली स्थित ठिकानों पर छापेमारी भी की। इस दौरान कई संदिग्ध एवं आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ नकदी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, बरामद नकदी की कुल रकम का खुलासा नहीं हुआ है।

आरोपी अधिकारी रमेश कुमार को बुधवार को लखनऊ स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल सीबीआई मामले की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Lucknow

Published :  25 November 2026, 1:20 PM IST