Electricity Crisis: 20 दिन की बिजली कटौती से भड़का गुस्सा, आखिर क्यों सड़क पर उतर आए सैकड़ों लोग?

लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र में पिछले 20 दिनों से जारी बिजली संकट के खिलाफ लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। लगातार बिजली कटौती से परेशान करीब 500 लोगों ने कानपुर रोड जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 June 2026, 8:20 AM IST

Lucknow: राजधानी लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र में लंबे समय से जारी बिजली संकट और दूषित पेयजल आपूर्ति के खिलाफ सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। रामजी लाल सरदार पटेल नगर वार्ड के रामनगर, मंगल खेड़ा और रामप्रसाद खेड़ा के सैकड़ों निवासियों ने कानपुर रोड जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले करीब 20 दिनों से इलाके में लगातार बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

कानपुर रोड पर उतरे लोग

क्षेत्रीय निवासियों ने कानपुर रोड पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने भी हिस्सा लिया। लोगों ने बिजली विभाग, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया। गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए हालात और भी कठिन हो गए हैं।

Electricity Crisis: आंधी के 6 दिन बाद भी 250 गांव अंधेरे में, आखिर क्यों नहीं बहाल हो सकी बिजली व्यवस्था?

विभागों पर अनदेखी का आरोप

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में करीब छह महीने से दूषित पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन बीते 20 दिनों से बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभागों के अधिकारी समस्या के समाधान के लिए गंभीर नहीं दिखे। यही वजह रही कि लोगों को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कानपुर रोड पर हुए प्रदर्शन के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क की दोनों लेन पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, छात्र और अन्य राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे।

समाधान के लिए मिला आश्वासन

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा और तीन दिन के भीतर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।

UP Power Crisis: रिकॉर्ड गर्मी के बीच 1912 हेल्पलाइन पर शिकायतें हुईं दोगुनी, रोजाना आ रहे 80 हजार मामले

प्रदर्शन के बाद हरकत में आया जलकल विभाग

जनता के विरोध प्रदर्शन के बाद नगर निगम और जलकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। जलकल विभाग ने क्षेत्र में दूषित पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। साथ ही बेहतर पेयजल आपूर्ति के लिए मिनी नलकूप लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जलकल महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि गंदे पानी की समस्या को दूर करने के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है और जल्द ही क्षेत्रवासियों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा।

Location :  Lucknow

Published :  2 June 2026, 8:20 AM IST