एक फोन, एक स्विच और चली गई जान! प्रतापगढ़ में लाइनमैन की मौत से मचा कोहराम

प्रतापगढ़ में शटडाउन लेने के बावजूद बिजली सप्लाई चालू होने से संविदा लाइनमैन संतोष सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 14 November 2026, 3:39 PM IST

प्रतापगढ़: बिजली विभाग की लापरवाही ने एक और परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे दिया। जिस लाइन को ठीक करने के लिए संविदा कर्मचारी खंभे पर चढ़ा था। उसी लाइन में अचानक करंट दौड़ने से उसकी जान चली गई। हैरानी की बात यह है कि कर्मचारी ने काम शुरू करने से पहले शटडाउन भी लिया था। इसके बावजूद बिजली सप्लाई चालू कर दी गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

खराब लाइन ठीक करने खंभे पर चढ़े थे संतोष

रामपुर निवासी संतोष सिंह, जो बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन के पद पर काम करते थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह बबुरी ग्राम सभा में खराब हुई बिजली की लाइन ठीक करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि काम शुरू करने से पहले उन्होंने बिजली उपकेंद्र से शटडाउन लिया था। इसके बाद वह मरम्मत के लिए खंभे पर चढ़ गए।

अचानक दौड़ा करंट

संतोष सिंह खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर ही रहे थे कि इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई। लाइन में करंट दौड़ते ही उसकी चपेट में आ गए। तेज झटका लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल (Img : Dynamite News)

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में परिवार के लोग भी वहां आ गए। संतोष की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ काफी नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि संतोष ने शटडाउन लिया था तो बिजली सप्लाई किसने और कैसे चालू कर दी? ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इसके साथ ही पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी उठाई।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  Pratapgarh

Published :  14 November 2026, 3:39 PM IST