लखीमपुर में रातोंरात हुआ दर्दनाक हादसा: तीन बच्चों की मौत, छह अन्य गंभीर घायल, परिवार में मचा कोहराम

लखीमपुर खीरी में बसंतापुर पुलिया के पास ऑटो पलटने से तीन बच्चों की मौत और छह लोग घायल हो गए। मृतक और घायलों में एक ही परिवार के सदस्य शामिल थे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 8 February 2026, 1:06 PM IST

Lakhimpur Kheri: घरेलू धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे लोगों से भरे ऑटो रिक्शा के पलटने से शनिवार देर रात एक बड़ी दुर्घटना हुई। हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसा बसंतापुर पुलिया के पास हुआ

धौरहरा क्षेत्र के थाना धौरहरा अंतर्गत बसंतापुर पुलिया के पास यह हादसा शनिवार रात करीब 12 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो रिक्शा में कुल नौ लोग सवार थे, सभी एक ही परिवार के सदस्य थे।

Lakhimpur kheri Road Accident: लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 5 लोग काल के गाल में समाए

पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचकर घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी धौरहरा भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर किया गया।

मरने वाले बच्चों की पहचान

हादसे में मरने वाले तीन बच्चों में 12 वर्षीय खुशबू पुत्री वारिस, 5 वर्षीय अबू तालिब पुत्र वारिस और 2 वर्षीय अजरा पुत्री रिजवान शामिल हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

घायलों में वारिस, किस्मतुन पत्नी वारिस, साकिया, सादिया, निदा, अकील और इसराइल उर्फ जीसान पुत्र वारिस शामिल हैं। सभी को जिला चिकित्सालय लखीमपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

ऑटो रिक्शा से अपने गांव वापस लौट रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि धौरहरा कस्बे में शनिवार रात कारी समुद्दीन के मदरसे में जलसा हुआ था। इस जलसे में शामिल होने के बाद खमरिया थाना क्षेत्र के गांव ऊंचगांव निवासी ये नौ लोग ऑटो रिक्शा से अपने गांव वापस लौट रहे थे।

लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा: ओमनी और बाइक की भीषण टक्कर, एक व्यक्ति की मौत

ऑटो रिक्शा में सवार सभी लोग एक ही घर के सदस्य थे। हादसे की वजह ऑटो का अनियंत्रित होना बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सड़क पर वाहन की गति और रात का अंधेरा हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Location : 
  • Lakhimpur Kheri

Published : 
  • 8 February 2026, 1:06 PM IST