कब मिलेगा गरीब किसानों को न्याय? कौशाम्बी कलेक्ट्रेट में गूंजे नारे, DM से निष्पक्ष जांच की मांग

कौशाम्बी कलेक्ट्रेट में जन अधिकार पार्टी ने किसानों की खाद किल्लत और भूमि विवादों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय महासचिव लाखन सिंह राजपासी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मिलीभगत से जमीन कब्जे का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 July 2026, 6:10 PM IST

Kaushambi: जन अधिकार पार्टी ने सोमवार को किसानों और आम जनता से जुड़े कई मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव लखन सिंह राजपासी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद, पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला मजिस्ट्रेट डॉ. अमित पाल को ज्ञापन सौंपकर इन समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।

कई समस्याओं से जूझ रहें किसान

राष्ट्रीय महासचिव लखन सिंह राजपासी ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में किसान कई तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण इलाकों में जमीन से जुड़े विवाद लगातार बढ़ रहे हैं और कई मामलों में प्रभावशाली लोग पुलिस की मिलीभगत से जबरदस्ती किसानों की जमीन हड़प लेते हैं। ऐसे मामलों में गरीब और छोटे किसानों को अक्सर न्याय नहीं मिल पाता, जिससे प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

ये भी पढ़ें - Kaushambi News: DM ने सुनीं जनसमस्याएं, जानें मंडलायुक्त और आईजी ने अधिकारियों को दिए क्या निर्देश

किसान आर्थिक तंगी से परेशान

उन्होंने बताया कि किसानों को सहकारी समितियों से समय पर खाद नहीं मिल रही है। छोटे और सीमांत किसानों को बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद खाद नहीं मिल पाती, जबकि बड़े किसानों को यह आसानी से मिल जाती है। इसका खेती-बाड़ी के कामों पर बुरा असर पड़ रहा है और किसानों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

लखन सिंह राजपासी ने कहा कि जन अधिकार पार्टी किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए लड़ती रहेगी। उन्होंने जमीन हड़पने के मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही, उन्होंने मांग की कि सभी किसानों को बिना किसी भेदभाव के पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जाए और किसानों व ग्रामीणों की अन्य जन-समस्याओं का तय समय-सीमा के भीतर समाधान किया जाए।

ये भी पढ़ें - Kaushambi: फेसबुक पर मुस्कुराते दिखे 5 दोस्त… सिर्फ 30 मिनट बाद सड़क पर बिछ गए शव, आखिर ऐसा क्या हुआ?

जिला मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद जिला मजिस्ट्रेट डॉ. अमित पाल को ज्ञापन सौंपा गया। बातचीत के दौरान, पार्टी नेताओं ने प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर गंभीर कार्रवाई करने का आग्रह किया। जिला मजिस्ट्रेट ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर नियमों के अनुसार विचार किया जाएगा और जरूरी कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।

Location :  Kaushambi

Published :  27 July 2026, 6:10 PM IST