Kaushambi: बालू डंप के पास संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, पुलिस के सामने खड़े हुए कई बड़े सवाल

कौशाम्बी में बालू डंप के पास अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 November 2026, 4:39 PM IST

Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के अझुवा कस्बे से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गांधीनगर स्थित वार्ड नंबर आठ में बालू डंप के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सुबह-सवेरे इस खौफनाक मंजर को देखकर स्थानीय लोगों के होश उड़ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सुबह टहलने निकले लोगों की पड़ी नजर

घटना सैनी थाना क्षेत्र के अझुवा कस्बे की है जब गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर गांधीनगर वार्ड नंबर आठ में बालू डंप के पास पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर आग की तरह पूरे कस्बे में फैल गई। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों और राहगीरों का तांता लग गया। लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

अब सरकारी राशन की दुकान पर भी होगी वोटरों की तलाश! यूपी में चुनाव आयोग ने उठाया बड़ा कदम

शव की शिनाख्त में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सैनी थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती तौर पर उसकी पहचान नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र कितनी थी और वह कहां का रहने वाला था, इसका पता लगाने के लिए आसपास के गांवों और थानों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी(img: Dynamite news)

मौके के हालात खड़े कर रहे गंभीर सवाल

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई तरह के रहस्यमयी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रथम दृष्टया मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और शव की स्थिति को आधार बनाकर पुलिस हर पहलू से गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान सुनिश्चित होने के बाद परिजनों से संपर्क किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।

Location :  kaushambi

Published :  5 November 2026, 4:39 PM IST