
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए मारामारी (IMG: Dynamite News)
Varanasi: देव दीपावली पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी में श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ने वाला है कि मंदिर प्रशासन को सुगम दर्शन की ऑनलाइन बुकिंग तक बंद करनी पड़ गई है। 24 नवंबर को भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम न्यास ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को सस्पेंड कर दिया है। मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी सूचना भी जारी कर दी गई है।
देव दीपावली के मौके पर काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर न्यास ने 24 नवंबर के लिए सुगम दर्शन की ऑनलाइन बुकिंग बंद कर दी है। आधिकारिक वेबसाइट पर जारी जानकारी के मुताबिक, भीड़ के दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती में शामिल होने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी फिलहाल टिकट उपलब्ध नहीं हैं। देव दीपावली के अवसर पर मंगला आरती को लेकर भी भक्तों में काफी उत्साह है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस विशेष आरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद लेना चाहते हैं।
एक तरफ देव दीपावली पर दर्शन के लिए टिकटों की मारामारी है, तो दूसरी तरफ बाबा विश्वनाथ के खजाने में ऑनलाइन दान भी लगातार पहुंच रहा है। नवंबर महीने में 900 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के नाम पर यूपीआई के जरिए करीब 20 लाख रुपये का दान किया है। इसमें पिछले 15 दिनों का आंकड़ा खास है। इस दौरान 868 भक्तों ने ऑनलाइन माध्यम से कुल 12.51 लाख रुपये दान किए।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए मारामारी (IMG: Dynamite News)
बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजा के साथ ही मंदिर न्यास के अन्न क्षेत्र के लिए भी श्रद्धालु बढ़-चढ़कर दान कर रहे हैं। नवंबर महीने में अब तक 35 भक्तों ने अन्न क्षेत्र के लिए कुल 8.25 लाख रुपये का योगदान दिया है। अन्न क्षेत्र में जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था से जुड़ी सेवाएं संचालित की जाती हैं। ऐसे में भक्तों की ओर से दिया जाने वाला यह दान धार्मिक आस्था के साथ सेवा और सहयोग की भावना को भी दर्शाता है।
काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी की सुरक्षा पर योगी सरकार का बड़ा फैसला, CRPF को 90 साल की लीज पर मिलेगी जमीन
बाबा विश्वनाथ को मिलने वाले ऑनलाइन दान की एक खास बात यह भी है कि इसके साथ भक्त अपनी मनोकामनाएं भी जोड़ रहे हैं। कोई बेहतर शिक्षा की कामना कर रहा है, तो कोई नौकरी, स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली के लिए बाबा से आशीर्वाद मांग रहा है। जगदीश झा नाम के एक श्रद्धालु ने वैदिक शिक्षा का आशीर्वाद मांगते हुए बाबा विश्वनाथ को 1100 रुपये यूपीआई के माध्यम से दान किए। वहीं, आईआईटी कानपुर में सेमेस्टर परीक्षा और उच्च शिक्षा में सफलता की कामना को लेकर आशी परमार और सुहार्थी नाम के भक्तों ने 501-501 रुपये का ऑनलाइन दान किया।
बाबा विश्वनाथ के दरबार में आने वाली मनोकामनाओं में सिर्फ पढ़ाई और करियर ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य भी शामिल है। कुछ श्रद्धालुओं ने अपने और परिवार के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ऑनलाइन दान किया है। एक भक्त ने स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में बेहतरी की कामना करते हुए बाबा को भेंट चढ़ाई। वहीं, एक अन्य श्रद्धालु ने अस्पताल में बेहतर इलाज की कामना के साथ यूपीआई के जरिए दान किया।
Location : Varanasi
Published : 23 November 2026, 11:53 AM IST
Topics : Dev Deepawali 2026 Kashi Vishwanath temple Online Booking Closed UPI Donation Varanasi News