
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति संभाली (Image Source: Dynamite News)
Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज में पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच तनाव का कारण बन गया। सोमवार शाम मोहल्ला नवाब की जाटवान गली में हुई कहासुनी के दौरान गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणी के विरोध का मामला भी सामने आया। विवाद में पास में रहने वाले वाल्मीकि समाज के कुछ लोग भी शामिल हो गए। एक पक्ष पर मकान की छत से ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, गली में मुस्लिम समाज के कुछ बच्चे पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान अरशद द्वारा अब्दुल सलाम के छोटे पुत्र कैफ का नाम लेने को लेकर दोनों मुस्लिम परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। बताया गया कि दोनों परिवारों की महिलाओं के बीच भी एक-दूसरे के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
विवाद के दौरान पास में रहने वाले वाल्मीकि समाज के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान जातिसूचक टिप्पणी को लेकर अरशद और उसके भाइयों की दीपक पुत्र रमाशंकर से कहासुनी हो गई। दीपक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है और वह विकलांग हैं। इस विवाद में उनके करीब 22 वर्षीय पुत्र आदर्श के साथ भी कहासुनी होने की जानकारी सामने आई है।
वाल्मीकि समाज के लोगों से विवाद के बाद माहौल शांत (Image Source: Dynamite News)
CHC में मेडिकल कराने पहुंचे थे, तभी हो गया हमला! रायबरेली में युवक ने लगाया गंभीर आरोप
आरोप है कि अरशद और उसके भाइयों ने अपने मकान की छत से ईंट-पत्थर फेंके। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद मोहल्ले में तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सोमवार शाम वाल्मीकि जयंती के अध्यक्ष रविकांत ने मोबाइल फोन से मोहल्ला नवाब की जाटवान गली में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना पुलिस को दी। इसके करीब एक मिनट बाद पीआरवी 9760 को भी मारपीट और गाली-गलौज की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति संभालते हुए एहतियात के तौर पर मौके पर पिकेट ड्यूटी तैनात कर दी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Kasganj
Published : 2 November 2026, 9:13 PM IST