शिवभक्तों के लिए अस्पतालों में खास इंतजाम! कांवड़ मार्ग पर स्पेशनल वार्ड रिजर्व, 45 हेल्थ कैंपों के मिलेगी तुरंत राहत

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। कांवड़ियों के लिए अस्पतालों और सीएचसी में 100 बेड आरक्षित किए गए हैं। कांवड़ मार्ग पर 45 हेल्थ कैंप, 35 एंबुलेंस 108, 24 एंबुलेंस 102, 5 ALS और 14 मोटर बाइक एंबुलेंस तैनात रहेंगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 July 2026, 5:47 PM IST

Muzaffarnagar: कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि कांवड़ियों की सुविधा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में कुल 100 बेड आरक्षित किए गए हैं।

78 एंबुलेंस रहेंगी तैनात

उन्होंने बताया कि पूरे कांवड़ मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा की 35 गाड़ियां, 102 एंबुलेंस सेवा की 24 गाड़ियां तथा 5 एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस तैनात की गई हैं। इसके अलावा इस बार 14 मोटर बाइक एंबुलेंस भी संचालित की जा रही हैं, जबकि पिछले वर्ष इनकी संख्या 12 थी। बाइक एंबुलेंस के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Muzaffarnagar: बाढ़ का तांडव और प्रशासन का मेगा एक्शन, गांवों में पानी घुसते ही डीएम ने संभाला मोर्चा; रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

45 हेल्थ कैंप में मिलेंगी दवाइयां

सीएमओ ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर कुल 45 हेल्थ कैंप स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक हेल्थ कैंप में 55 प्रकार की आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सभी चिकित्सा कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित यूनिफॉर्म में पूरी निष्ठा, समर्पण और विनम्र व्यवहार के साथ अपनी सेवाएं दें, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अपने समस्त स्टाफ से अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर है। सभी कर्मचारी कांवड़ियों की पूरे मन से सेवा करें और अपने व्यवहार से ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करें, जिससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की सकारात्मक छवि स्थापित हो।

Muzaffarnagar: किसान दिवस में हंगामा, ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए JE ने मांगे पैसे? जानिए पूरा मामला

जिला अस्पताल में बनाया गया 20 बेड का कांवड़ वार्ड

डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री पहुंचते हैं। इसे देखते हुए वहां दो बेड आरक्षित किए गए हैं तथा एक विशेष हेल्थ कैंप भी स्थापित किया गया है। वहीं जिला अस्पताल में 20 बेड का अलग कांवड़ वार्ड बनाया गया है, जहां कूलर, बेहतर वेंटिलेशन, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और चिकित्सकों की टीम की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर कांवड़ियों को तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  30 July 2026, 5:47 PM IST