कानपुर हाईवे पर मौत का तांडव: खड़े ट्रक में समाई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, तीन की मौके पर दर्दनाक मौत, चार घायल

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। रूमा फ्लाईओवर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस टक्कर में एक युवक, किशोर और किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 July 2026, 8:25 AM IST

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रूमा के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार एक युवक, एक किशोर तथा एक किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार में सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह-सुबह चीख-पुकार से दहला इलाका

यह दर्दनाक हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे के आसपास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, एक स्कॉर्पियो कार रूमा से महाराजपुर की तरफ काफी तेज गति से जा रही थी। जैसे ही कार रूमा फ्लाईओवर से थोड़ा आगे बढ़ी, वैसे ही हाईवे के किनारे खड़े एक ट्रक से उसका संतुलन बिगड़ गया। रफ्तार इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी गूंज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़े। घटनास्थल पर चीख-पुकार मची हुई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

यह भी पढ़ें- Kanpur Dehat: एक कहासुनी ने छीन ली जिंदगी… किसान ने उठाया ऐसा कदम कि पूरे गांव में छा गया मातम

कटर से गाड़ी की सीट काटकर निकाले गए शव

सूचना मिलते ही महाराजपुर थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। स्कॉर्पियो की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि उसमें फंसे लोगों को आसानी से बाहर निकालना मुमकिन नहीं था। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कार की सीटों को कटर से काटकर उसमें फंसे शवों और घायलों को बेहद मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। हादसे में जान गंवाने वालों में एक युवक, एक किशोर और एक किशोरी शामिल हैं, जिन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं, दुर्घटना को अंजाम देने के बाद मौका पाकर ट्रक चालक अपने वाहन सहित घटनास्थल से फरार होने में कामयाब रहा।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे घायल

पुलिस ने सभी चार घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर एंबुलेंस की मदद से कांशीराम अस्पताल रामादेवी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने चारों की हालत को बेहद नाजुक पाया, जिसके बाद उन्हें बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए एलएलआर (हैलट) अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल चारों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उनकी जान बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Kanpur: शादी से 7 दिन पहले होने वाली सास के साथ कांड, बेटी के रिश्ते के डर से महीनों रही खामोश लेकिन…

हरियाणा नंबर की कार, शिनाख्त में जुटी पुलिस

मामले की जानकारी देते हुए महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो गाड़ी पर हरियाणा का रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित है। हादसे में मृत हुए तीनों लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल मृतकों और घायलों के नाम व पतों के बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस गाड़ी के नंबर और अन्य माध्यमों से सभी की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है, ताकि उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना जल्द से जल्द दी जा सके। फरार ट्रक चालक और गाड़ी की तलाश में भी पुलिस जुट गई है।

Location :  Kanpur

Published :  13 July 2026, 8:25 AM IST