कानपुर देहात में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, सामने आया ये चौंकाने वाला मामला

कानपुर देहात में नवविवाहिता की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घर की छत पर 24 वर्षीय अंशिका फंदे पर लटकी मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 29 September 2026, 1:00 AM IST

Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर, झींझक में सोमवार देर शाम करीब 24 वर्षीय नवविवाहिता अंशिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंशिका घर की छत पर लगे कुंडे से फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतका की जेठानी ने दी पुलिस को सूचना

जानकारी के अनुसार, अंशिका की जेठानी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मंगलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित कराए गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रात में अचानक भरभराकर गिरा मकान: कानपुर देहात में मां-बेटी की दर्दनाक मौत, मलबे में दबे मिले दोनों

आठ माह पहले अंशिका ने प्रांशु से किया था प्रेम विवाह

पुलिस के मुताबिक मृतका मूल रूप से शुक्लागंज की रहने वाली थी। करीब आठ माह पहले उसने प्रांशु नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के बाद पति प्रांशु घर से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डेरापुर क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने घर में मौजूद अन्य परिजनों से भी पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Kanpur Dehat: कानपुर देहात में ‘वोट चोरी’ के आरोपों में कांग्रेस का हल्लाबोल, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

मामले में पुलिस की कार्रवाई 

क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  29 September 2026, 12:57 AM IST