Kanpur Dehat Fire: रात में अचानक धू-धू कर जला ट्रांसफार्मर, कॉलोनी में मचा हड़कंप

जनपद कानपुर देहात के कस्बा झींझक स्थित कांशीराम कॉलोनी में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक बिजली का ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 24 May 2026, 5:17 AM IST

Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के कस्बा झींझक स्थित कांशीराम कॉलोनी में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक बिजली का ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। ट्रांसफार्मर से उठ रही आग की लंबी-लंबी लपटों को देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।

ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देने के लिए बिजली घर के दूरभाष नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन किसी से बात नहीं हो सकी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत लाइनमैन जितेंद्र पाल, अभय सिंह और सुशील अवस्थी को मामले की जानकारी दी।

आग लगने की सूचना पर पहुंचे विद्युत कर्मचारी 

सूचना मिलते ही विद्युत कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। बताया गया कि न्यू झींझक बिजली घर से कांशीराम कॉलोनी और नेहरू नगर मोहल्ले में विद्युत आपूर्ति की जाती है। इसी दौरान कॉलोनी में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई।

आग की लपटें देख स्थानीय लोगों में दहशत 

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भीषण गर्मी और रिहायशी इलाके में ट्रांसफार्मर में लगी आग से लोगों में डर का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारण करीब 20 मिनट तक इलाके की विद्युत सप्लाई बाधित रही।

Kanpur Dehat News: हरदोई के शख्स की कानपुर देहात में मौत, जांच में जुटी पुलिस

विद्युत कर्मचारियों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति भी सुचारु रूप से बहाल कर दी गई। स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर आग बुझाने वाले कर्मचारियों की सराहना की।

Location :  kanpur

Published :  24 May 2026, 5:09 AM IST