
टायर फैक्ट्री में भीषण आग
Kanpur Dehat: जनपद के गजनेर थाना क्षेत्र के जरिहा गांव स्थित एक टायर फैक्ट्री में सोमवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री परिसर में मौजूद फ्यूल टैंक आग की चपेट में आने के बाद जोरदार धमाका हुआ। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। माती फायर स्टेशन को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव के नेतृत्व में तीन दमकल वाहनों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के मुताबिक जेवीआरडी टायर की फैक्ट्री जरिहा गांव में है वहां देर शाम अचानक हुए ब्लास्ट से दो फ्यूल टैंकों में से एक मे भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान काम कर रहे दो मजदूर अंदर आग की चपेट में आ गए बाकी चीखते चिल्लाते बाहर निकले और सूचना दी
दमकल कर्मियों के पहुंचने पर फैक्ट्री आग की लपटों को देखते हुए दूसरे टैंक तक आग पहुंचने की आशंका थी। इसे देखते हुए दमकल टीम ने दूसरे टैंक की लगातार कूलिंग शुरू की, जबकि फोम की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
Delhi Breaking: 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, वारदात के बाद छावनी में तब्दील हुआ शिदीपुरा इलाका
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग को नियंत्रित कर लिया। हालांकि, हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया।
आग बुझाते दमकल कर्मी
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों के साथ-साथ फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल रहा।
पुलिस का कहना है कि टायर फैक्ट्री है सूचना मिली थी कि आग लगी थी, सीएफओ की मदद ली गई कानपुर पुलिस कमिश्नरेट से भी मदद ली गई तब जाकर आग पर काबू पाया , हालांकि इस घटना में दो लोगों की मृत्यु हो गई है. अन्य कार्रवाई करते हुए जांच की जा रही है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 22 September 2026, 1:51 AM IST