
सिपाहियों पर नशे में मारपीट का आरोप
kannauj: ठठिया थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। मामला मानीमऊ रोड का है, जहां दो पक्षों के बीच हो रही मारपीट को शांत कराने पहुंचे कुछ युवकों ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद सिपाहियों ने उनके साथ अभद्रता की और उनकी पिटाई कर दी। पीड़ितों का आरोप है कि सिपाही शराब के नशे में थे।
बताया जा रहा है कि मानीमऊ रोड पर किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ युवक बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि मामले को शांत कराने के बजाय वहां पहुंचे सिपाहियों ने बचाव करने आए युवकों के साथ मारपीट कर दी।
कन्नौज में पुलिस पर मारपीट का आरोप, थाने के बाहर जमकर हंगामा,धरने पर बैठे आक्रोशित लोग
➡️पुलिस पर गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे लोग#kannauj #thathiyapoliceallegation #policemisconduct #youthbeaten pic.twitter.com/DlkbKkrUR7— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 24, 2026
घटना के बाद पीड़ित पक्ष और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोग ठठिया थाने पहुंचे और थाना परिसर में बैठकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए।
धरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर सीओ और तिर्वा कोतवाल पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने लोगों को जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपी सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Location : kannauj
Published : 24 August 2026, 5:16 AM IST