हाथ बंधे… मुंह बंद… और चेहरे पर ईंट से 15 वार, कन्नौज में प्रेम प्रसंग में खौफनाक कत्ल, पढ़ें रूह कंपा देने वाली स्टोरी

यूपी के कन्नौज में प्रेम-प्रसंग में युवक की बेरहमी से हत्या! दिल्ली से लौटे सचिन के हाथ-मुंह बांधकर चेहरे पर ईंट से 15 वार किए गए। पुलिस चौकी के समझौते से लेकर मक्के के खेत में खून से लथपथ लाश मिलने तक, जानिए इस सनसनीखेज कत्ल की पूरी स्टोरी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 June 2026, 4:14 PM IST

Kannauj: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम-प्रसंग के चलते एक 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को इतनी क्रूरता से अंजाम दिया गया कि हमलावरों ने युवक के हाथ-मुंह बांधकर उसके सिर और चेहरे पर ईंट से ताबड़तोड़ 15 वार किए, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके। रविवार सुबह युवक का लहूलुहान शव मक्के के खेत के किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

मक्के के खेत में मिला खून से लथपथ शव

घटना सदर क्षेत्र के लीलापुरवा गांव की है। रविवार सुबह करीब छह बजे लीलापुरवा-मोचीपुर मार्ग पर स्थित एक ईंट भट्ठा के पास, गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर मक्के के खेत के किनारे ग्रामीणों ने एक शव देखा। मृतक की शिनाख्त गांव के ही सचिन जाटव (24) के रूप में हुई। सचिन का शव पूरी तरह खून से लथपथ था। उसके दोनों हाथ पीछे बंधे हुए थे और मुंह भी कपड़े से बंधा था। घटना की सूचना मिलते ही सचिन की मां रन्नो देवी और भाई मौके पर पहुंचे और चीख-पुकार मच गई।

Akhilesh Yadav in Kannauj: ‘जब तक भाजपा रहेगी, तब तक संकट रहेगा’; अपनी संसदीय क्षेत्र कन्नौज में गरजे अखिलेश यादव

दिल्ली से लौटा था घर, मां करती रही खाने का इंतजार

सचिन दिल्ली में अपने मझले भाई नीरज के साथ रहकर एक जूता-चप्पल बनाने वाली कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को सचिन ने अपनी मां को फोन कर कहा था कि वह शनिवार को घर आ रहा है। शनिवार सुबह वह कानपुर तक पहुंच भी गया था। मां रन्नो देवी रात तक बेटे के लौटने और उसके साथ खाना खाने का इंतजार करती रही, लेकिन सचिन घर नहीं पहुंचा। न तो उसका कोई फोन आया और न ही वह खुद आया। अगली सुबह सीधे उसकी मौत की खबर घर पहुंची।

एक महीने पुराना विवाद और चौकी का 'समझौता'

इस खौफनाक हत्याकांड के पीछे की इनसाइड स्टोरी गांव की ही एक युवती से जुड़े प्रेम-प्रसंग की है। सचिन का गांव की ही एक अन्य बिरादरी की युवती से अफेयर चल रहा था, जिसका युवती के परिजन कड़ा विरोध कर रहे थे।

परिजनों के अनुसार, इस प्रेम-प्रसंग को लेकर करीब एक महीने पहले सचिन और युवती के परिजनों के बीच भारी विवाद हुआ था। मामला बढ़ने पर मानीमऊ पुलिस चौकी में दोनों पक्षों को बुलाया गया और उनके बीच समझौता कराया गया था।

गांव में तनाव और रंजिश बढ़ने के डर से ही परिजनों ने सचिन को काम के सिलसिले में दिल्ली भेज दिया था। लेकिन जैसे ही वह शनिवार को वापस लौटा, घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे दबोच लिया।

पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर किए 15 वार

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो खुलासा हुआ है, वह हमलावरों की क्रूरता को बयां करता है। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि सचिन के सिर और चेहरे पर ईंट से 15 बार प्रहार किया गया था। हमलावरों ने न सिर्फ उसकी जान ली, बल्कि पहचान छुपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे को बुरी तरह से कूंच दिया।

Kannauj: सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान, जातीय जनगणना से लेकर शंकराचार्य विवाद पर कही ये बात

गायब मोबाइल और कागजात

वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे सचिन का मोबाइल, नकदी, कार्ड और अन्य जरूरी कागजात भी अपने साथ ले गए। पुलिस का मानना है कि सचिन के मोबाइल से ही इस हत्याकांड का असली राज खुलेगा। आखिरी बार उसकी किससे बात हुई और उसे कानपुर से गांव आने के बीच रास्ते में किसने बुलाया, यह सब कॉल डिटेल से साफ होगा। फिलहाल पुलिस सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से मोबाइल और आरोपियों की तलाश कर रही है।

मृतक का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने मामले से जुड़ा एक और पहलू साझा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक सचिन जाटव का भी आपराधिक इतिहास था। वह आपराधिक किस्म का युवक था और उसके खिलाफ पूर्व में जानलेवा हमला (धारा 307) और मारपीट सहित चार संगीन मुकदमे दर्ज थे। पुलिस इस बिंदु को भी अपनी जांच में शामिल कर रही है।

गांव में भारी तनाव, छावनी में तब्दील लीलापुरवा

चूंकि हत्या का आरोप गांव के ही दूसरे पक्ष (युवती के परिजनों) पर लगा है, इसलिए लीलापुरवा गांव में इस समय भारी तनाव का माहौल है। किसी भी संभावित जातीय या हिंसक टकराव को रोकने के लिए पुलिस बल गांव में तैनात है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

एएसपी अजय कुमार और सीओ सिटी कुलवीर सिंह ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना कर मिट्टी और खून के सैंपल लिए हैं। सीओ सिटी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। हालांकि परिजनों ने अभी तक लिखित तहरीर नहीं दी है, लेकिन पुलिस हर बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Location :  Kannauj

Published :  22 June 2026, 4:14 PM IST