झांसी में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात, बिजली की शिकायत कर लौट रहे युवक को तलवार और फरसे से काटा

झांसी के सीपरी बाजार में बिजली की शिकायत कर लौट रहे युवक गौरीशंकर की तलवार और फरसे से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उनके चाचा गंभीर रूप से घायल हैं। परिजनों का आरोप है कि मंदिर के पास अवैध गतिविधियों का विरोध करने पर चचेरे दुश्मनों/हमलावरों ने घात लगाकर यह खूनी खेल खेला।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 June 2026, 5:31 PM IST
google-preferred

Jhansi : झांसी में एक मामूली बिजली शिकायत के बाद लौट रहे युवक पर ऐसा खूनी हमला हुआ कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तलवार और फरसे से लैस आधा दर्जन हमलावरों ने युवक को रास्ते में घेरकर मौत के घाट उतार दिया, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि मंदिर के आसपास होने वाली कथित अवैध गतिविधियों का विरोध करना गौरीशंकर को भारी पड़ गया। आखिर कौन हैं हमलावर और क्या है इस हत्याकांड की असली वजह।

पावर हाउस से लौटते समय घात लगाकर हमला

झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित शिवानी होटल के पीछे रहने वाले गौरीशंकर कुशवाहा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों के मुताबिक रात में घर की बिजली गुल हो गई थी, जिसकी शिकायत दर्ज कराने गौरीशंकर अपने चाचा मुरारी के साथ सूती मिल पावर हाउस गए थे। शिकायत के बाद जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी घर से कुछ दूरी पहले घात लगाए बैठे करीब छह हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।

Jhansi SDM रात के अंधेरे में नदी मे उतरे, रेत माफियाओं में खलबली…

धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार हमलावर तलवार और फरसे जैसे धारदार हथियारों से लैस थे। देखते ही देखते गौरीशंकर और उनके चाचा पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए गए। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद घायल अवस्था में दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गौरीशंकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुरारी का उपचार जारी है।

मंदिर के पास अवैध गतिविधियों का विरोध बनी वजह?

मृतक की बेटी ईशा और पत्नी सुमन ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घर के पास स्थित देवी मंदिर के आसपास कथित रूप से होने वाली अव्यवस्थाओं और होटल कर्मचारियों की हरकतों का गौरीशंकर ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर करीब एक साल पहले विवाद भी हुआ था और तब से लगातार धमकियां मिल रही थीं। अब इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। सवाल यह है कि क्या पुरानी रंजिश ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं, या फिर इस हत्याकांड के पीछे कोई और बड़ा राज छिपा है।

Location :  Jhansi

Published :  6 June 2026, 5:28 PM IST

Advertisement