झांसी में यात्रियों से भरी स्लीपर बस पलटी, 70 यात्री घायल, 33 मेडिकल कॉलेज में भर्ती

कानपुर से राजकोट जा रहे यात्रियों का सफर झांसी में हादसे में बदल गया। रविवार रात बड़ागांव क्षेत्र में सीमेंट फैक्टरी के पास यात्रियों से भरी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 30 November 2026, 2:46 AM IST

Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी में रविवार रात कानपुर से राजकोट जा रही स्लीपर बस बड़ागांव क्षेत्र में सीमेंट फैक्टरी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 80 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कई यात्री बस में फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल 33 यात्रियों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

सीमेंट फैक्टरी के पास पलटी बस

जानकारी के अनुसार, बस रविवार शाम करीब चार बजे कानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर से राजकोट के लिए रवाना हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे झांसी-कानपुर हाईवे पर बड़ागांव स्थित सीमेंट फैक्टरी के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही यात्री अंदर फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए दौड़े।

मौके पर पहुंची पुलिस

कुछ ही देर में बड़ागांव थाना पुलिस और सीओ सदर सिमरन सिंह मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। घायलों को चार एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में सवार अधिकांश यात्री कानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग राजकोट और आसपास के क्षेत्रों में काम करते हैं।

बस में काफी देर तक फंसा रहा यात्री

हादसे के बाद पुखरायां निवासी आशीष शुक्ला बस के अंदर काफी देर तक फंसा रहा। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत की लेकिन सफल नहीं हो सके। फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। सीओ सदर सिमरन सिंह का कहना है कि घायलों को बाहर निकाला जा रहा है।

 झांसी में बाबा साहब की मूर्ति पर हमला, CCTV में कैद हुई युवती की करतूत, पुलिस ने किया गिरफ्तार

दूसरे रास्ते पर लगा जाम 

हादसे के बाद पुलिस ने झांसी-कानपुर हाईवे पर यातायात रोक दिया। वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला जाने लगा। इससे वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।

ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ झांसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इलाइट चौराहे पर 180 अवैध उपकरणों को रौंदा

हादसे में घायल 33 लोगों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती

बस हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे घायलों में गिरजा(40), श्रवण प्रसाद (32), दयाराम (42), दिनेश (25), लक्ष्मीबाई (20), तनु (22), मिराज (18), गोपाल (16), रामकिशोर (26), राजेश (32), राकेश (32), सचिन (19), रामू (25), मोहन (22), सर्वेश (20), दीपक (23), आशीष (18), अमरजीत (25), शिवा (18), रोहित (19), आनंद कुमार (30), यश (16), आशुतोष (20), उमर सिंह (19), अंकित (25) और संजना (24) समेत अन्य शामिल हैं। डॉक्टर का कहना है इन सभी को चोट आई है लेकिन उनकी दशा खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Location :  Jhansi

Published :  30 November 2026, 2:42 AM IST