
जौंरा ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा (Source: Dynamite News)
Jhansi-Kanpur Highway: झांसी-कानपुर हाईवे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं सड़क के गड्ढे वाहन चालकों के लिए खतरा बन रहे हैं तो कहीं खुले में घूम रहे अन्ना पशु हादसों की वजह बन रहे हैं। अब मोठ थाना क्षेत्र में अन्ना बछड़े से बाइक टकराने का मामला सामने आया है, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा नेशनल हाईवे-27 पर जौंरा ओवरब्रिज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि 28 वर्षीय रामसिंह बाइक से अपने घर पूंछ की तरफ जा रहा था। वह जैसे ही ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी अचानक एक अन्ना बछड़ा सड़क पर सामने आ गया।
रामसिंह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उसकी बाइक बछड़े से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल रामसिंह सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही 112 पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा और घायल को तत्काल मोठ ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
आखिर क्यों अंधेरे में डूबा झांसी का ये गांव? 2 महीने से बिजली के लिए तरस रहे ग्रामीण
मोठ ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने घायल रामसिंह का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि उसकी हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद परिवार में भी चिंता का माहौल है।
झांसी-कानपुर हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले बीते दिन हाईवे के गड्ढे में गिरने से एक महिला की मौत का मामला सामने आया था। अब अन्ना पशु की वजह से बाइक सवार युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि हाईवे पर लगातार हादसे होने के बावजूद अन्ना पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है। खुले में घूमते पशु अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता।
वहीं, सड़क के गड्ढे भी हादसों का कारण बन रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार विभागों से हाईवे की स्थिति सुधारने और अन्ना पशुओं को सड़कों से हटाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को हादसे का दर्द न झेलना पड़े।
Location : Jhansi
Published : 22 August 2026, 10:35 AM IST
Topics : Jhansi News Road Accident UP News