हिंदी
अंकित बालियान के घर पहुंचे जयंत चौधरी (Image: Social Media)
Shamli News: हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर सियासत और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के मुखिया और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह शामली के गांव बंतीखेड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। जयंत सिंह ने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है और हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
जयंत सिंह ने अंकित के पिता सतबीर सिंह से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी और पार्टी की संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। जयंत सिंह ने कहा कि अंकित बालियान एक कलाकार था और उसकी हत्या बेहद गंभीर और सुनियोजित तरीके से की गई। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
अंकित हत्याकांड में पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए जयंत सिंह ने कहा कि आज दो हत्यारों को एनकाउंटर में मार गिराया गया है। उन्होंने कहा कि बाकी हत्यारों और साजिशकर्ताओं पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। सभी आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।
जयंत सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घटना को लेकर पहले दिन से ही गंभीर थे और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था में लोगों का भरोसा सबसे जरूरी होता है और कानून व्यवस्था तभी मजबूत होती है, जब जनता को न्याय मिलने का विश्वास हो।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द ही हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचेगी और परिवार को न्याय मिलेगा। परिजनों से मुलाकात के दौरान जयंत सिंह ने कहा कि परिवार इस मुश्किल समय में खुद को अकेला न समझे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में वह परिवार के साथ खड़े हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले शामली में अंकित बालियान की जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Shamli
Published : 31 August 2026, 4:17 PM IST
Topics : Ankit Baliyan Jayant Singh Murder Case RLD Shamli News