
करंट लगने से घायल युवक
जालौन: विद्युत विभाग की लापरवाही ने एक बार फिर एक मासूम जिंदगी को खतरे में डाल दिया। रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विद्युत उपकेंद्र जगम्मनपुर में कार्यरत लाइनमैन सुनील कुमार (36 वर्ष) को 11000 वोल्टेज की लाइन पर काम करते समय करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, सुनील कुमार, ग्राम मई के निवासी और रामनरेश शाक्यवार के पुत्र हैं, जो मई एग्रीकल्चर फीडर की लाइन पर काली ईट भट्टा के पास एक विद्युत पोल पर तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए चढ़े थे। उन्होंने दोपहर 1:05 बजे 33 केवी जगम्मनपुर में तैनात सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) कमल सिंह यादव से शटडाउन की अनुमति ली थी। अनुमति मिलने के बाद सुनील ने काम शुरू किया, लेकिन अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई। इस अप्रत्याशित बिजली प्रवाह के कारण सुनील को तेज करंट लगा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए और विद्युत पोल से नीचे गिर पड़े।
परिवार में एकमात्र कमाने वाले हैं सुनील
बताया जा रहा है कि सुनील अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। उनके दो छोटे बेटे और एक छोटी बेटी हैं, जो पूरी तरह से उनके ऊपर निर्भर हैं। उनके पिता रामनरेश की तीन संतानों में सुनील सबसे बड़े हैं और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। इस हादसे ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा में भर्ती
वहीं घटना के तुरंत बाद सुनील को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। इस घटना ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर एसएसओ ने समय पर शटडाउन की पुष्टि की होती और लाइन में बिजली प्रवाह को पूरी तरह रोका होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
Location : Jalaun
Published : 1 June 2025, 3:15 PM IST