हिंदी
मैनपुरी में वाहन चोर गिरोह का खुलासा (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Mainpuri: यूपी के मैनपुरी में पुलिस ने जीरो टोलरैंस नीति के तहत शनिवार को अपराध पर लगाम लगाते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के 3 शातिर चोरों को चोरी की 12 मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना बिछवां पुलिस और ए.वी.टी. (Anti-Vehicle Theft) टीम ने यह कार्रवाई की। गिरोह के सदस्य विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिलें चोरी कर बेचने का काम करते थे।
मौके से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सुल्तानगंज बिजलीघर के सामने कीकड़ की झाड़ियों में बदमाशों के दबोचने के लिए घेराबंदी की। वहां से पुलिस ने 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। अभियुक्तों के पास से तलाशी के दौरान 3030 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान ब्रजेश कुमार (46 वर्ष) पुत्र जीवाराम, निवासी नगला जीसुख, थाना बिछवां, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है। विकास चौहान (22 वर्ष) पुत्र बलजीत सिंह, निवासी ब्लॉक नं. 26 आसरा कॉलोनी, इटावा रोड, थाना कोतवाली, जनपद मैनपुरी, कौशलेन्द्र उर्फ सुशांक (26 वर्ष) पुत्र विनोद कुमार, निवासी विलासनगर, थाना औंछा, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते आलाधिकारी
पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी हैं। मुख्य अभियुक्त ब्रजेश कुमार पर मैनपुरी और कासगंज के विभिन्न थानों में करीब 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं विकास चौहान पर भी लूट और चोरी के 5 मुकदमे दर्ज हैं। ये आरोपी सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस के रडार पर थे।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व निरीक्षक जितेंद्र सिंह चंदेल (प्रभारी निरीक्षक थाना बिछवां व सर्विलांस टीम) ने किया। टीम में ए.वी.टी. प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, उपनिरीक्षक चरन सिंह और अन्य मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल रहे।
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं में बड़ी कमी आएगी।
Location : Mainpuri
Published : 2 May 2026, 2:01 PM IST