
निरीक्षण
देवरिया : जिले में बुधवार को आयोजित 428 वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्रों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता समेत जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टीकाकरण सत्रों पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, टीकाकरण की स्थिति और आवश्यक लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले एक सीएचओ का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने रामपुर कारखाना ब्लॉक के गौरा वीएचएसएनडी सत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एएनएम उपस्थित मिलीं, जबकि सीएचओ अर्चना भारती अनुपस्थित पाई गईं। इस पर सीएमओ ने सीएचओ का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय एएनएम द्वारा सात बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका था, जबकि दो गर्भवती महिलाओं को भी टीके लगाए गए थे। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एंट्री ई-कवच पोर्टल पर सुनिश्चित की जाए। साथ ही बच्चों के मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन (एमसीपी) कार्ड भी पूरी तरह भरे जाएं।
सत्र स्थल पर आवश्यक लॉजिस्टिक उपलब्ध पाए गए। हीमोग्लोबिन मीटर भी सही स्थिति में मिला। सीएमओ ने निर्देशित किया कि टीकाकरण केंद्रों पर आने वाले सभी लाभार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जिला स्तरीय अधिकारियों ने वीएचएसएनडी सत्रों का निरीक्षण किया। डॉ. एसके सिन्हा ने रुद्रपुर, डीटीओ डॉ. राजेश कुमार ने भटनी, डिप्टी सीएमओ डॉ. कार्तिक पाण्डेय ने रामपुर कारखाना, डिप्टी सीएमओ डॉ. हरेंद्र कुमार और डॉ. आरपी यादव ने भलुअनी, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय ने शहरी क्षेत्र तथा डिप्टी डीआईओ डॉ. विपिन रंजन ने तरकुलवा ब्लॉक में टीकाकरण सत्रों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं और टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। जहां भी कमियां मिलीं, वहां संबंधित कर्मचारियों को सुधार के निर्देश दिए गए। इस दौरान हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनके बेहतर प्रबंधन और नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।
टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सहयोगी संस्थाओं यूपीटीएसयू, सीफार, जेएसआई और पीसीआई के जिला प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न वीएचएसएनडी सत्रों पर पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग किया। अधिकारियों ने कहा कि टीकाकरण सत्रों को मजबूत बनाकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों तक समय पर जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
Location : Mirzapur
Published : 9 September 2026, 7:15 PM IST