जूते की माला, मुंडे बाल और चेहरे पर चूना… सोनभद्र कांड ने मचा दी सनसनी

सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में युवक के साथ अमानवीयता का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसे बांधकर पीटा गया, बाल मुंडवाए गए, चेहरे पर चूना पोता गया और जूते-चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 August 2026, 6:36 AM IST

Sonbhadra : बभनी थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। करकच्छी गांव में बाजार से घर लौट रहे 27 वर्षीय युवक को कुछ लोगों ने पकड़ लिया और उसके साथ ऐसी बर्बरता की, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। आरोप है कि युवक को पहले बांधकर पीटा गया, फिर उसके बाल मुंडवाए गए, चेहरे पर चूना पोता गया और जूते-चप्पल की माला पहनाकर अर्धनग्न हालत में गांव में घुमाया गया।

रास्ते से पकड़कर घर में ले जाने का आरोप

जानकारी के अनुसार इकदीरी गांव निवासी सरजू प्रसाद का भाई भोला गुरुवार को बाइक से बभनी बाजार गया था। दोपहर में जब वह वापस लौट रहा था, तभी करकच्छी गांव के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया।

सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरा बेकाबू ट्रेलर, केबिन में 4 घंटे तड़पता रहा चालक, हुई मौत

आरोप है कि आरोपी उसे पकड़कर एक घर में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित के भाई की शिकायत के मुताबिक युवक को बांधकर पीटा गया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।

चेहरे पर पोता चूना, पहनाई जूते-चप्पल की माला

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने युवक के बाल मुंडवा दिए और चेहरे पर चूना पोत दिया। इसके बाद उसके गले में जूते-चप्पल की माला डालकर उसे गांव में घुमाया गया।

इतना ही नहीं, आरोप है कि युवक को अर्धनग्न हालत में पीटा गया और उसके निजी अंगों पर भी चोट पहुंचाई गई।

परिवार पहुंचा तो उनके साथ भी मारपीट

बताया जा रहा है कि जब युवक के परिवार वालों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई।

परिजनों की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और युवक को छुड़ाया गया। गंभीर हालत में उसे पहले बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो शुक्रवार दोपहर बाद सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। सीओ दुद्धी वीपी साहनी के निर्देश पर बभनी पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने अजय, उसके पिता राजेंद्र, पंकज, चिंता देवी समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

छेड़खानी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे विवाद के पीछे छेड़खानी से जुड़ा पुराना मामला बताया जा रहा है। आरोपी पक्ष की ओर से भी एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि तीन साल पहले उसने एक व्यक्ति के खिलाफ छेड़खानी समेत अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज कराया था और इसके बाद भी विवाद जारी था।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय

सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

Location :  Sonbhadra

Published :  8 August 2026, 6:35 AM IST