
सुशील टिबड़ेवाल
Maharajganj : समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने कहा कि महंगाई चरम पर है और आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। टिबड़ेवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश, दोनों सरकारें आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया संबोधन के बाद ही स्पष्ट हो गया था कि सरकार के हाथ-पांव फूल चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि डॉलर लगातार महंगा हो रहा है, जबकि कपड़ों समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम दोगुने हो गए हैं।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि जनपद में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता और किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को आवश्यकता के अनुसार ईंधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और घंटों लाइन में लगने के बावजूद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बिचौलिए खुलेआम अधिक कीमतों पर डीजल, पेट्रोल और गैस की बिक्री कर रहे हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। महंगाई, बेरोजगारी, हत्या, बलात्कार तथा महिलाओं और छात्रों के खिलाफ अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। उनका आरोप था कि सरकार आम जनता की समस्याओं से बेखबर होकर केवल अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने में लगी है।
विद्यासागर यादव ने कहा कि प्रदेश में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक हो रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के आरक्षण अधिकारों का हनन किया जा रहा है और उन्हें सरकारी नौकरियों में उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन समस्याओं का समाधान वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने पर ही संभव होगा।
धरना-प्रदर्शन में जिला महासचिव समसुद्दीन अली, पूर्व मंत्री सुशील कुमार टीबड़ेवाल, कृष्णभान सिंह सैंथवार, अमरनाथ यादव, प्रणय गौतम, निरमेश मंगल, पूर्व विधायक श्रीपति आजाद, बिंद्रेश कनौजिया, मक्खू प्रसाद, यज्ञदत्त पासवान, अर्जुन यादव, नौशाद आलम, विक्रम यादव, अतुल पटेल, हरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी, संतोष कृष्ण त्रिपाठी, भोला यादव, महात्म यादव, मातादीन निषाद, प्रवीण सिंह, जाफर अली, राजेश निषाद, सत्यभामा सिंह, सुमन ओझा सहित बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 1 June 2026, 6:57 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav Maharajganj News Samajwadi Party Samajwadi Party Protest Suhail Kumar Tibrewal