
कलेक्ट्रेट में बैठक
Maharajganj : कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल का सख्त रुख देखने को मिला। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट का बारीकी से परीक्षण किया और लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों को चेतावनी देते हुए तेजी से काम करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि विकास कार्यों और राजस्व वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मंडी समिति, एआरटीओ, खनन, स्टाम्प, खाद्य एवं औषधि विभाग समेत कई विभागों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे राजस्व वसूली में तेजी लाएं और निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करें। उन्होंने कहा कि जिन विभागों के लक्ष्य अभी तय नहीं हुए हैं, वे तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर लक्ष्य निर्धारित करें ताकि आगामी समीक्षा में वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके।
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान डीएम ने जनपद की रैंकिंग को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बेहतर रैंकिंग प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी विभागों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ काम करना होगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने विभागों के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।
नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैठकों में बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को भी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समीक्षा बैठकों में गैरहाजिरी को गंभीरता से लिया जाएगा और बिना ठोस कारण के अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज में डाकघर घोटाले से हड़कंप : गायब हुए 11 लाख रुपये, अधिकारी पर केस दर्ज
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को मंडी समितियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि मंडी सचिवों के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता सामने आती है तो उसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में देरी और लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा हर विभाग को अपने प्रदर्शन में सुधार लाना होगा।
Location : Maharajganj
Published : 13 June 2026, 5:43 AM IST