हिंदी
पेट्रोल पंप पर छलका लोगों का दर्द
Gorakhpur: गोरखपुर में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर बड़ा असर डालना शुरू कर दिया है। हर दिन बढ़ते दामों से परेशान जनता अब खुलकर अपना गुस्सा जाहिर कर रही है। डाइनामाइट न्यूज़ की टीम जब गोरखपुर के बेतियाहाता क्षेत्र स्थित भारत पेट्रोल पंप पहुंची तो वहां लोगों के चेहरे पर नाराजगी और मजबूरी दोनों साफ दिखाई दी।
पेट्रोल का दाम 102 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है, जबकि डीजल भी 95 रुपये से ऊपर बिक रहा है। ऐसे में नौकरीपेशा लोगों से लेकर किसान और छोटे व्यापारियों तक सभी पर इसका असर दिखाई दे रहा है।
पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों से जब बढ़ती महंगाई को लेकर बातचीत की गई तो लोगों ने खुलकर अपनी राय रखी। कई लोगों का कहना था कि सरकार अगर दाम बढ़ाना ही चाहती है तो बार-बार थोड़ा-थोड़ा बढ़ाने की बजाय एक बार में ही फाइनल कीमत तय कर दे। लोगों ने कहा कि रोज-रोज कीमतों में बढ़ोतरी होने से परिवार का बजट बिगड़ जाता है। आम आदमी पहले से ही महंगाई से परेशान है और अब पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम उसकी मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं।
DN Exclusive: जहां मिलनी थी राहत, वहीं प्यासे लौट रहे लोग! गोरखपुर डीएम कार्यालय की बदहाल व्यवस्था
बढ़ती ईंधन कीमतों का असर सिर्फ बाइक और कार चलाने वालों तक सीमित नहीं है। खेती-किसानी से जुड़े लोगों की भी चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि खेती के ज्यादातर काम डीजल पर निर्भर हैं। खेतों की सिंचाई से लेकर ट्रैक्टर चलाने तक हर जगह डीजल की जरूरत पड़ती है। ऐसे में डीजल महंगा होने से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। किसानों ने कहा कि पहले ही खाद, बीज और दवाइयों के दाम बढ़ चुके हैं, ऊपर से डीजल की कीमतें खेती को और महंगा बना रही हैं।
लोगों का कहना है कि वे शौक से नहीं बल्कि मजबूरी में महंगे दामों पर पेट्रोल और डीजल खरीद रहे हैं। बिना ईंधन के उनका रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो जाएगा। किसी को नौकरी पर जाना है, किसी को व्यापार करना है तो किसी को खेती का काम संभालना है। ऐसे में पेट्रोल-डीजल खरीदना जरूरी हो जाता है, चाहे कीमत कितनी भी क्यों न बढ़ जाए।
गोरखपुर में पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारें, भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहे लोग
आम लोगों का कहना है कि बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों का असर सीधे परिवार के बजट पर पड़ रहा है। पहले जहां महीने का खर्च किसी तरह संभल जाता था, अब बचत करना मुश्किल हो गया है। लोगों ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से सिर्फ यात्रा खर्च नहीं बढ़ता बल्कि दूसरी चीजें भी महंगी हो जाती हैं। परिवहन लागत बढ़ने से सब्जियों, खाने-पीने के सामान और रोजमर्रा की चीजों के दाम भी बढ़ जाते हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ की ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में सरकार के खिलाफ नाराजगी साफ दिखाई दी। लोगों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। हालांकि लोगों ने यह भी कहा कि मजबूरी के कारण उन्हें पेट्रोल और डीजल खरीदना ही पड़ रहा है, क्योंकि बिना इसके उनका काम रुक जाएगा।
Location : Gorakhpur
Published : 25 May 2026, 5:54 PM IST