मुजफ्फरनगर रॉकी हत्याकांड: कौन थी रेणु और क्यों बनी मास्टरमाइंड? पुलिस के हाथ लगे चौंकाने वाले सबूत

मुजफ्फरनगर के विकसित उर्फ रॉकी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रेणु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अहम सबूत बरामद किए हैं और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 5 June 2026, 5:28 AM IST

Muzaffarnagar : चर्चित विकसित उर्फ रॉकी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए साजिश की मुख्य आरोपी और मृतक की कथित पत्नी रेणु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है, क्योंकि पुलिस ने कई अहम सबूत भी बरामद किए हैं जो इस हत्याकांड की परतें खोल रहे हैं।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सिखेड़ा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रेणु को मिर्जा टिल्ला के जंगल क्षेत्र से दबिश देकर गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक रेणु इस पूरी साजिश की अहम कड़ी थी और रॉकी को घर से ले जाने से लेकर उसकी हत्या की योजना में उसकी सीधी भूमिका सामने आई है।

पहले बेटा हुआ था गिरफ्तार

इससे पहले पुलिस मुठभेड़ में रेणु का बेटा बादल पकड़ा जा चुका है, जबकि रेणु लगातार फरार चल रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे बड़ौत ले गई। जहां घटनास्थल पर क्राइम सीन को रीक्रिएट कराया गया ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

सबूतों की बरामदगी से खुलासा

पुलिस ने रेणु की निशानदेही पर मृतक रॉकी का पर्स, डेबिट कार्ड, नकदी और खून से सना साफा बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि 18 मई को रॉकी को बड़ौत ले जाकर उसकी हत्या की गई थी और बाद में शव को भोपा क्षेत्र में दफना दिया गया था। पुलिस का दावा है कि पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने शव के सिर को धड़ से अलग कर गंगनहर में फेंक दिया था। जिसकी तलाश अभी भी जारी है।

मुजफ्फरनगर : डग्गामारी और चालानों से परेशान बस संचालकों का प्रदर्शन, बोले- CM को सौंप देंगे बसों की चाबियां

फरार आरोपियों की तलाश जारी

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि रेणु की गिरफ्तारी के बाद कई अहम सुराग मिले हैं और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि क्राइम सीन रिक्रिएशन और बरामद सबूतों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  5 June 2026, 4:46 AM IST