अखिलेश यादव बनें यूपी के मुख्यमंत्री तो 15 के साथ 16 अगस्त की भी होगी छुट्टी, जानें भाजपा की किस गलती का मिलेगा फायदा?

अखिलेश यादव ने यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक दांव चला है। उन्होंने कहा कि अगर 2027 में सपा की सरकार बनती है तो वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती पर 16 अगस्त को भी सरकारी छुट्टी घोषित की जाएगी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 16 August 2026, 8:46 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती पर 16 अगस्त को सरकारी छुट्टी घोषित की जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि 15 अगस्त को देश स्वतंत्रता दिवस मनाता है और इसके अगले दिन 16 अगस्त को वीरांगना अवंती बाई लोधी को याद करने के लिए अवकाश दिया जाएगा। उन्होंने यह बात लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती के कार्यक्रम में कही।

लोधी समाज को साधने की कोशिश

अखिलेश यादव ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना अवंती बाई लोधी ने अंग्रेजों के खिलाफ साहस और शौर्य का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि जिस तरह महारानी लक्ष्मीबाई को याद किया जाता है, उसी तरह अवंती बाई लोधी का भी सम्मान होना चाहिए। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि समाजवादी सरकार बनने पर गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की सोने की तलवार वाली प्रतिमा लगाकर सम्मान दिया जाएगा।

2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाला विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट जोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समेत सभी वर्गों को साथ लेकर समाजवादी पार्टी एक मजबूत गठबंधन तैयार करेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा की सरकार की विदाई तय है।

भाजपा सरकार पर जमकर बरसे अखिलेश

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र में लंबे समय से भाजपा की सरकार है, लेकिन किसानों और युवाओं की समस्याएं खत्म नहीं हुई हैं। अखिलेश यादव ने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आलू और मक्का पैदा करने वाले किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिला। उन्होंने कन्नौज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी समेत कई जिलों के किसानों की समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर में बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए।

Location :  Lucknow

Published :  16 August 2026, 8:46 PM IST