“I Love You Babu, निधि आप बहुत अच्छी हो” इतना बोलकर सिपाही ने छोड़ी दुनिया, आगरा का यह मामला आपकी आंखों में ला देगा आंसू

पुलिस लाइंस में 28 वर्षीय सिपाही अनुज कुमार का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सुसाइड नोट में किसी परेशानी का जिक्र नहीं है। परिवार और साथी अब यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर अनुज ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 September 2026, 12:55 PM IST

Agra News: पुलिस लाइंस के परेड ग्राउंड में सुबह का नजारा देखकर दौड़ लगाने पहुंचे पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। व्यायाम के लिए लगाई गई लोहे की सीढ़ी पर 28 वर्षीय सिपाही अनुज कुमार का शव मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें उसने किसी परेशानी से इनकार करते हुए भगवान के बुलावे की बात लिखी थी। अनुज के इस कदम ने पुलिस अधिकारियों से लेकर उसके साथियों और परिवार तक सभी को झकझोर दिया है।

हंसते हुए घर से निकला था अनुज

परिजनों के मुताबिक, अनुज शुक्रवार रात तक सामान्य था। उसके पिता सुभाष पवार और भाई जब पोस्टमार्टम गृह पहुंचे तो साथी पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछा कि आखिर ऐसा क्या हुआ। पिता ने बताया कि उनका बेटा हंसते हुए घर से ड्यूटी के लिए निकला था। देर रात तक उसने परिवार और परिचितों से बातचीत भी की थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि उसके मन में इतनी बड़ी उथल-पुथल चल रही है। अनुज को जानने वाले पुलिसकर्मी भी यही कहते हैं कि वह अक्सर मुस्कुराता रहता था। उसने कभी साथियों से किसी परेशानी या मानसिक तनाव की चर्चा नहीं की। पुलिस अधिकारियों ने बरामद नोट को कई बार पढ़ा, लेकिन उसमें भी किसी स्पष्ट वजह का पता नहीं चला।

हाल के दिनों में बढ़ गई थी भक्ति

परिजनों और साथियों के मुताबिक, अनुज की धार्मिक गतिविधियों में पिछले कुछ समय से दिलचस्पी बढ़ गई थी। वह नियमित रूप से मंदिर जाता था और मोबाइल पर भी धार्मिक सामग्री देखता था।

परिवार को लेकर लिखी भावुक बातें

अनुज ने सुसाइड नोट में लिखा, "मेरे भाई अब तू ही मम्मी-पापा का सहारा है। उन्हें हमेशा खुश रखना। मैं जा रहा हूं तू अपनी भाभी और मेरे पार्थ का भी ध्यान रखना। निधि तुम बहुत अच्छी हो, मुझे माफ करना, तुम्हें ऐसे छोड़कर जा रहा हूं। सभी मिलकर खुश रहना। जल्द ही आप सबके पास वापस आऊंगा। भाई कसम है तुझे दोनों का ख्याल रखना। मेरा प्यारा भाई। आई लव यू पार्थ बाबू। मैं अपनी खुशी से जा रहा हूं।" सुसाइड नोट पढ़कर परिजन की आंखें भीग गई हैं।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची

कुछ ही देर में थाना शाहगंज समेत संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीसीपी लाइन आदित्य कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और परिवार को सूचना दी गई। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि हमेशा सामान्य और खुश नजर आने वाले अनुज ने अचानक इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस उसके परिवार, सहकर्मियों और हाल के दिनों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

Location :  Agra News

Published :  13 September 2026, 12:55 PM IST