निचलौल के फल गोदाम में घुसा मुर्दाखोर, दो बच्चों संग मची अफरा-तफरी… रेस्क्यू के दौरान बच्चे की मौत

निचलौल कस्बे के मेन तिराहे स्थित फल गोदाम में शुक्रवार को मुर्दाखोर अपने दो बच्चों के साथ घुस गया। जंगली जीव को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जीव को सुरक्षित बाहर निकाला, हालांकि इस दौरान एक बच्चे की मौत हो गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 29 May 2026, 7:29 PM IST

Maharajganj: महराजगंज के कस्बे के मेन तिराहे पर शुक्रवार शाम एक अजीबोगरीब घटना ने लोगों में दहशत फैला दी। संजय वर्मा के फल गोदाम में अचानक मुर्दाखोर अपने दो बच्चों के साथ घुस आया। गोदाम में जंगली जीव को देखते ही वहां मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब चार बजे गोदाम के अंदर किसी जानवर की हलचल दिखाई दी। जब कर्मचारियों ने अंदर जाकर देखा तो मुर्दाखोर अपने दो बच्चों के साथ कोने में छिपा बैठा था। जंगली जीव को सामने देखकर लोग डर के मारे बाहर भाग निकले। घटना की जानकारी कुछ ही देर में पूरे बाजार में फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

महराजगंज में सरकारी आवास का टूटा ताला, वन अधिकारी के घर हुई चोरी से मचा हड़कंप

वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

दुकान मालिक संजय वर्मा ने तत्काल वन्य जीव रक्षक राम बच्चन साहनी को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गोदाम को खाली कराकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। गोदाम में फलों के कैरेट और सामान अधिक होने के कारण टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान मुर्दाखोर काफी आक्रामक दिखाई दिया। इसी बीच उसने अपने ही एक बच्चे को मार दिया, जिससे मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। हालांकि वन विभाग की टीम ने दूसरे बच्चे को सुरक्षित बचा लिया और बाद में मुर्दाखोर को भी पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।

महराजगंज में ट्रैक्टर चलाने के लिए सड़क पड़ गई कम! दीवार तोड़कर घर में घुसा

लोगों से अपील

वन्य जीव रक्षक राम बच्चन साहनी ने बताया कि रेस्क्यू पूरी सावधानी के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों में जंगली जीवों के आने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी जंगली जीव को देखकर घबराएं नहीं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

घटना के बाद देर शाम तक कस्बे में इसी घटना की चर्चा होती रही। स्थानीय लोगों में भय का माहौल भी देखने को मिला।

Location :  Maharajganj

Published :  29 May 2026, 7:29 PM IST