
थाना केंट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में एक हैरान करने वाला पारिवारिक मामला सामने आया है। यहां ससुराल से प्रेमी के साथ फरार हुई पत्नी जब वापस लौटी तो पति ने उसे समझाने के बजाय प्रेमी के साथ ही उसका विवाह करा दिया।
बताया जा रहा है कि पीआरडी जवान पति ने पत्नी से भविष्य में प्रेमी के प्रति वफादार रहने की कसम दिलाई और फिर मंदिर में दोनों का विवाह कराकर उसे विदा कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, माल थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी बीते वर्ष 8 मई को मलिहाबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी पीआरडी जवान के साथ हुई थी।
शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। इसी बीच पत्नी देर रात बिना किसी को बताए ससुराल से चली गई। परिवार वालों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद पति ने मलिहाबाद थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बुधवार को महिला अपने प्रेमी के साथ मलिहाबाद थाने पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी दोनों पक्षों को दी, जिसके बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए।
थाने के बाहर कई घंटों तक पारिवारिक विवाद चलता रहा। परिजनों और पति ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह प्रेमी के साथ रहने की बात पर अड़ी रही।
मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र भाटी के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया। किसी भी पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी।
इसके बाद पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी और मंदिर में दोनों का विवाह करा दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला का प्रेमी माल थाना क्षेत्र का रहने वाला है और दोनों के बीच शादी से पहले से ही प्रेम संबंध थे।
पति द्वारा पत्नी का प्रेमी से विवाह कराने का यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Location : New Delhi
Published : 10 September 2026, 3:27 PM IST
Topics : husband arranged wife's marriage Lucknow Malihabad news Uttar Pradesh viral news wife married lover