
प्रतीकात्मक फोटो (Image: Pinterest)
Meerut News: मेरठ में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंच गया और पुलिसकर्मियों को पत्नी की हत्या करने की बात बताई। वहीं, जब महिला के मायके वाले उसे लेने घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर में महिला की खून से लथपथ लाश पड़ी थी और पास में उसके मासूम बच्चे रो रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना भावनपुर थाना क्षेत्र के जयभीमनगर की है। यहां रहने वाली 25 वर्षीय कविता की शादी साल 2022 में खालसा मोहल्ला निवासी मनीष से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटा उमंग उर्फ अभिषेक (3) और बेटी सोना (2) शामिल हैं। मनीष मजदूरी करता है। परिवार के मुताबिक, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि सोमवार को मनीष ने चाकू से हमला कर कविता की हत्या कर दी। वारदात के बाद शाम करीब 4:30 बजे मनीष खुद भावनपुर थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
कविता के पिता ब्रजपाल का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को ससुराल में परेशान किया जाता था। उन्होंने बताया कि रविवार को बेटे भूपेंद्र ने मनीष को फोन किया था। बातचीत के दौरान पीछे से कविता के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। जब रोने की वजह पूछी गई तो मनीष ने कहा कि दोनों के बीच झगड़ा हुआ था और उसने एक-दो थप्पड़ मार दिए हैं। इसके बाद भूपेंद्र कविता के घर पहुंचा तो वहां उसे बेटी के साथ मारपीट की जानकारी मिली। परिजनों के मुताबिक, कविता ने बताया था कि मनीष ने उसके बाल पकड़कर पीटा और उसे घर से बाहर निकाल दिया था। इसके बाद भूपेंद्र ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी थी।
परिजनों का कहना है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मनीष वहां से भाग चुका था। पिता ब्रजपाल ने बताया कि वे कविता को अपने साथ मायके ले जाना चाहते थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर ऐसा करने से मना कर दिया। सोमवार सुबह जब परिवार वालों ने आसपास के लोगों से कविता के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि वह रविवार से दिखाई नहीं दी है। इसके बाद परिजन उसके घर पहुंचे। घर के अंदर पहुंचने पर कविता की खून से सनी लाश मिली। उसके दोनों बच्चे शव के पास रो रहे थे। महिला की गर्दन पर गंभीर चोट के निशान थे और शरीर पर चाकू से हमले के निशान मिले।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भावनपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Location : Meerut
Published : 21 September 2026, 7:10 PM IST