
हनीमून पर पति बना हैवान (IMG: AI Generated)
Gorakhpur: गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके की रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के बाद जब वह पति के साथ हनीमून मनाने अंडमान निकोबार गई थी, तो वहां उसके साथ मारपीट की गई। महिला ने आरोप लगाया कि पीरियड आने और तबीयत खराब होने से नाराज पति ने होटल के कमरे में उसके साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। इतना ही नहीं उसने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की थी।
महिला ने बताया कि घटना के दौरान उसकी चीख-पुकार सुनकर होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद पति ने उसे छोड़ा। महिला का कहना है कि अगर समय पर होटल कर्मचारी नहीं आते तो उसकी जान भी जा सकती थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के महज 45 दिन बाद ही उसे ससुराल से निकाल दिया गया।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 30 मई 2023 को दिल्ली के पटपड़गंज स्थित मैरिज लॉन में निखिल मिश्रा से हुई थी। इससे पहले 30 अप्रैल को गोरखपुर में गोदभराई की रस्म हुई थी। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष की मांग पर उसके पिता ने 20 लाख रुपये नकद, हुंडई वेन्यू कार समेत 40 लाख रुपये से ज्यादा का सामान दिया था।
महिला ने पुलिस को बताया कि 4 जुलाई से 12 जुलाई 2023 के बीच पति उसे अंडमान निकोबार लेकर गया था। इसी दौरान यह घटना हुई। उसने आरोप लगाया कि दिल्ली लौटने के बाद सास और ननद ने भी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया। महिला का कहना है कि 14 जुलाई को उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता ने बताया कि कार्रवाई के लिए वह करीब तीन साल तक थाने के चक्कर लगाती रही। इसके बाद उसने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर शनिवार रात रामगढ़ताल थाने में पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी श्यामा नंद राय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 16 August 2026, 9:22 PM IST