BREAKING: राजनाथ सिंह के बेटे और नोएडा विधायक पंकज सिंह के ऑफिस का सैकड़ों लोगों ने किया घेराव, जानें क्यों

नोएडा के डूब क्षेत्र में बिजली कटौती के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। छिजारसी, चोटपुर और बेहलोलपुर के रहने वाले लोगों ने विधायक पंकज सिंह के ऑफिस का घेराव कर बिजली बहाल करने की मांग की। लोगों का कहना है कि बिजली कटने से बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 1 September 2026, 1:47 PM IST
google-preferred

Noida News: नोएडा के डूब क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया है। पिछले कई दिनों से चल रही बिजली विभाग की कार्रवाई के बाद सैकड़ों परिवारों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। परेशान लोगों ने नोएडा विधायक पंकज सिंह के ऑफिस पहुंचकर घेराव किया और बिजली बहाल करने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि अचानक बिजली कटने से बच्चों की पढ़ाई से लेकर रोजमर्रा के काम तक प्रभावित हो रहे हैं।

छिजारसी, चोटपुर और बेहलोलपुर में कटे कनेक्शन

मामला नोएडा के डूब क्षेत्र में आने वाले इलाकों का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बिजली विभाग की ओर से पिछले चार दिनों से अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। छिजारसी, चोटपुर और बेहलोलपुर जैसे इलाकों में बिजली संकट गहरा गया है। लोगों का आरोप है कि कई परिवार वर्षों से इन इलाकों में रह रहे हैं। उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री कराई है और लगातार यहां जीवन बिता रहे हैं। ऐसे में अचानक बिजली काटे जाने से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बच्चों की पढ़ाई और घर के काम प्रभावित

बिजली नहीं होने से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई बच्चे स्कूल जाने की तैयारी भी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। लोगों ने कहा कि बिजली आज के समय में बुनियादी जरूरत है। जब शहर के दूसरे हिस्सों में लोगों को 24 घंटे बिजली मिल रही है तो डूब क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को इससे वंचित क्यों रखा जा रहा है।

लोगों ने विधायक से लगाई गुहार

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने विधायक पंकज सिंह के ऑफिस पहुंचकर अपनी समस्याएं बताईं। उनकी मांग है कि उन्हें भी आम लोगों की तरह नियमित बिजली आपूर्ति दी जाए और घरों में पक्के मीटर लगाए जाएं। लोगों का कहना है कि अगर किसी तरह की जांच करनी है तो की जाए, लेकिन सभी परिवारों की बिजली एक साथ काटना उचित नहीं है। स्थानीय निवासियों ने मांग की कि जिन लोगों के पास वैध कनेक्शन हैं, उनकी बिजली दोबारा जोड़ी जाए।

बिजली विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

दरअसल, डूब क्षेत्र में अवैध बिजली कनेक्शन और बिजली चोरी के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बिजली विभाग का कहना है कि अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि कार्रवाई की चपेट में कई ऐसे परिवार भी आ गए हैं जो नियमित रूप से बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे।

लोगों की मांग- मिले स्थायी समाधान

डूब क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए। उनका कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित नहीं रह सकते। फिलहाल लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए और उन्हें स्थायी मीटर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Location :  Noida

Published :  1 September 2026, 1:47 PM IST

Related News

Advertisement