हिंदी
देवरिया में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को अप्रैल के पहले सप्ताह में सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। प्रशासन ने पारदर्शी व्यवस्था और बेहतर सुविधाओं के साथ कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली है। डीएम दिव्या मित्तल ने भी कार्यक्रम से पहले इसका जायजा लिया।
देवरिया की जिलाधिकारी दिव्या मित्तल (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जनपद में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अप्रैल के पहले सप्ताह में एक बड़ा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण दिए जाएंगे।
यह पहल भारत सरकार की एडीआईपी योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत की जा रही है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके जीवन को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस कार्यक्रम को एलिम्को (ALIMCO) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 1591 लाभार्थियों को चिन्हित किया गया है। सभी को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। फिलहाल उपकरणों की आपूर्ति अंतिम चरण में है और प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। यह वितरण कार्यक्रम आईटीआई परिसर देवरिया में आयोजित किया जाएगा, जहां जनप्रतिनिधियों और मंत्रीगणों की उपस्थिति भी रहेगी।
पहले देवर-भाभी ने फ्लोर पर लगाए ठुमके, फिर दोनों ने किया ऐसा कांड; खुशी वाले घर से उठी लाश
जिला प्रशासन ने इस बार वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने पर खास ध्यान दिया है। हर लाभार्थी का फोटो सत्यापन किया जाएगा और दिए जाने वाले उपकरणों को QR कोड के जरिए उनसे जोड़ा जाएगा। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सही व्यक्ति को ही सही उपकरण मिले और किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
डीएम दिव्या मित्तल ने खुद कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। खासतौर पर लाभार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
रसोई की गलत दिशा बना सकती है कंगाल, जानिए सही वास्तु नियम जो बदल देंगे घर की किस्मत
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लाभार्थियों के लिए परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई है। जिले के 16 विकास खंडों से कुल 60 बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए इसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि अन्य जरूरतमंद लोग भी इन योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने चयनित लाभार्थियों से अपील की है कि अगर उनका मोबाइल नंबर बदल गया है तो वे अपने संबंधित विकास खंड कार्यालय में जाकर इसे अपडेट करा लें। इससे उन्हें समय पर सूचना मिल सकेगी और कार्यक्रम में शामिल होने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।