
सीतापुर में तेंदुओं का आतंक (Image: Social Media)
Sitapur News: हरगांव क्षेत्र के महादेव अटरा गांव के पास सोमवार को शारदा नहर के किनारे एक विशाल तेंदुआ दिखाई दिया। नहर किनारे बेखौफ घूमते तेंदुए को देखकर ग्रामीणों और राहगीरों में डर का माहौल बन गया। तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में लोग सतर्क हो गए। महादेव अटरा गांव के समीप शारदा नहर के किनारे कुछ ग्रामीणों और राहगीरों ने तेंदुए को चहलकदमी करते देखा। बताया जा रहा है कि तेंदुआ काफी देर तक नहर के आसपास घूमता रहा। तेंदुए को देखकर लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी, जिसके बाद इलाके में चर्चा फैल गई। खेतों में काम कर रहे किसानों ने भी सावधानी बरतनी शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी से क्षेत्र में भय का माहौल है। लोगों को आशंका है कि तेंदुआ नहर किनारे से निकलकर आसपास के खेतों या आबादी वाले इलाकों में पहुंच सकता है। किसानों ने अब खेतों में जाने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बच्चों और मवेशियों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की है।
तेंदुआ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इलाके में निगरानी बढ़ाई जाए और तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए। ग्रामीणों ने नहर किनारे जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर लोगों में दहशत बनी हुई है।
Location : Sitapur
Published : 31 August 2026, 8:27 PM IST