कानपुर में भीषण हादसा! टक्कर के बाद लोडर में लगी आग, जिंदा जला क्लीनर

कानपुर के अरौल में ई-बाइक से लदे लोडर की खड़े कंटेनर से टक्कर के बाद आग लग गई। हादसे में क्लीनर सत्यभान की मौत हो गई, जबकि चालक बच गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 17 October 2026, 11:14 AM IST
google-preferred

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में सुबह-सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अरौल थाना क्षेत्र में ई-बाइक से लदे एक लोडर की खड़े कंटेनर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद लोडर में भीषण आग लग गई, जिसमें केबिन के अंदर फंसे क्लीनर की जलकर मौत हो गई। वहीं, चालक किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

कंटेनर से टकराते ही लोडर में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, लोडर कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रहा था। वाहन में कई ई-बाइक लदी हुई थीं। बताया जा रहा है कि अरौल क्षेत्र में कानपुर-अलीगढ़ हाईवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के नजदीक अंडरपास के नीचे लोडर की एक खड़े कंटेनर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि लोडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

केबिन में फंसा रहा क्लीनर, चालक ने बचाई जान

हादसे के दौरान लोडर के केबिन में चीख-पुकार मच गई। चालक श्याम यादव किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन क्लीनर सत्यभान अंदर ही फंसा रह गया। बताया जा रहा है कि केबिन का दरवाजा नहीं खुल पाने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। आग तेजी से फैलने के चलते उसकी जान चली गई।

चालक को झपकी आने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के पीछे चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस ने क्लीनर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Location :  Kanpur

Published :  17 October 2026, 11:14 AM IST

Advertisement