गंगा स्नान बना काल… कौशांबी में पांच बच्चे डूबे, तीन को नाविकों ने बचाया गया, दो लापता

कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। महमदपुर गांव के गंगा घाट पर स्नान करने गए पांच बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। नाविकों ने तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो किशोर लापता हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 14 May 2026, 3:40 PM IST

Kaushambi: कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसे से हड़कंप मच गया। महमदपुर गांव स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गए पांच बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों की चीख-पुकार सुनकर वहां अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक महमदपुर गांव निवासी संतोष निषाद के घर दो दिन पहले शादी समारोह हुआ था। गुरुवार को परिवार के लोग गंगा पूजन के लिए घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान बच्चे गंगा स्नान करने लगे और हादसे का शिकार हो गए।

पांच बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे

बताया गया कि संतोष निषाद के भाई सोहन लाल का 13 वर्षीय बेटा आर्यन, 10 वर्षीय बेटा युवराज, नंदलाल निषाद का 11 वर्षीय बेटा अर्जुन, 15 वर्षीय आंचल और गणेश चंद्र का 10 वर्षीय बेटा गंगा में स्नान कर रहे थे।

इसी दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद परिवार के लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनते ही वहां मौजूद नाविक तुरंत गंगा में कूद पड़े और बचाव कार्य शुरू किया।

नाविकों ने बचाईं तीन जिंदगियां

नाविकों की सतर्कता से युवराज, आंचल और एक अन्य बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आर्यन और अर्जुन का काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिल सका। दोनों किशोरों के लापता होने से परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम गंगा में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों किशोरों का पता नहीं चल पाया था।

गांव में पसरा मातम

हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिवार के सदस्य घाट पर ही रोते-बिलखते नजर आए। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पुलिस प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

प्रशासन ने लोगों से गहरे पानी में जाने से बचने और बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की है।

Location :  Kaushambi

Published :  14 May 2026, 3:37 PM IST