होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रायबरेली डिपो ने दिल्ली रूट पर 28 बसों का संचालन शुरू किया है। अतिरिक्त बसों और सुरक्षा इंतजामों के साथ यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रोडवेज बनी सहारा
Raebareli: होली का रंग चढ़ते ही घर लौटने की बेचैनी भी बढ़ जाती है। ऐसे में ट्रेन की लंबी वेटिंग लिस्ट और टिकट न मिलने की परेशानी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाती है। इस बार इन दिक्कतों को कम करने के लिए रायबरेली डिपो ने कमर कस ली है। दिल्ली समेत दूसरे राज्यों में रह रहे लोगों को होली पर घर पहुंचाने के लिए रोडवेज बसों के फेरों में इजाफा किया गया है। जिससे किसी को त्योहार पर अपनों से दूर न रहना पड़े।
होली के महापर्व को देखते हुए रायबरेली डिपो की ओर से व्यापक तैयारी की गई है। डिपो प्रशासन ने खासतौर पर दिल्ली रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई है। डिपो के एआरएम दिनेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले दो दिनों से वे खुद व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। जिससे बसों का संचालन सुचारू रूप से चलता रहे। उनका कहना है कि ट्रेन में भारी भीड़ और रिजर्वेशन न मिलने की समस्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। जिससे यात्रियों को राहत मिल सके।
Raebareli Road Accident: रायबरेली में तेज रफ्तार कर कहर, तीन की मौत; जानिये पूरा मामला
उन्होंने बताया कि 28 फरवरी शनिवार को डिपो से कुल 28 बसों को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इनमें से 18 बसें पहले से दिल्ली रूट पर चल रही थीं। जिन्हें तय समय के अनुसार भेजा गया। वहीं 10 अतिरिक्त बसें, जो सामान्य दिनों में आगरा, मथुरा, काठगोदाम, बलिया और प्रयागराज रूट पर संचालित होती हैं।उन्हें भी अस्थायी रूप से दिल्ली भेजा गया है। रविवार सुबह से भी लगातार बसें दिल्ली के लिए रवाना की जा रही हैं। आज भी 28 बसों को दिल्ली भेजने की योजना बनाई गई है।जिसमें 10 ग्राम सेवा की बसें भी शामिल हैं।
एआरएम के अनुसार इस समय डिपो के पास कुल 174 बसें उपलब्ध हैं। इनमें 99 सरकारी बसें हैं जबकि 73 बसें कांट्रेक्ट पर संचालित हो रही हैं। सभी बस चालकों और परिचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे वर्दी में ही ड्यूटी करें और यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार रखें। साथ ही हाईवे पर बसों को नियंत्रित गति से चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है। जिससे त्योहार के मौके पर किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
रायबरेली में प्रभारी मंत्री राकेश सचान की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को लक्ष्य पूरा करने की चेतावनी
डिपो परिसर में एक सूचना एवं जानकारी काउंटर भी बनाया गया है। जहां से यात्री बसों के आने-जाने और समय सारिणी की जानकारी ले सकते हैं। कुल मिलाकर इस बार होली पर रायबरेली से दिल्ली आने-जाने वालों के लिए सफर पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक होने वाला है।