बाराबंकी में तेज रफ्तार का कहर: ऑटो के उड़े परखच्चे, दो की मौत और छह लोग गंभीर

बाराबंकी के फतेहपुर-देवा मार्ग पर सलारपुर गांव के पास पिकअप और ऑटो की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों राजकुमार उर्फ उस्मान और रामविलास की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 November 2026, 5:09 PM IST

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रविवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। फतेहपुर-देवा मार्ग पर देवा क्षेत्र के सलारपुर गांव के पास पिकअप और ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का उपचार जारी है।

हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के मालन पुरवा गांव निवासी राजकुमार उर्फ उस्मान (29) और इसी गांव के रामविलास (24) की मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

छह लोग गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

इस भीषण दुर्घटना में छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • जितेंद्र (38) निवासी जगायपुर, थाना बड्डूपुर।

  • सोनी (35), पत्नी जितेंद्र।

  • प्रवेश (25) निवासी रामपुर, थाना रामपुर मथुरा, सीतापुर।

  • रणधीर (35) निवासी अपना पुरवा, सीतापुर।

  • रिंकू यादव (27) निवासी सीतापुर।

  • मोइनुद्दीन (22) निवासी नई बस्ती कटरा, फतेहपुर, ऑटो चालक।

सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, पुलिस ने कब्जे में लिए वाहन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप और ऑटो के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में मदद की।

दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

देवा कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसकी वजह क्या रही, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Location :  Barabanki

Published :  22 November 2026, 5:09 PM IST