
यूपी में मानसून का महा-अलर्ट (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून के बाद अब मुख्य मानसून की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है, लेकिन इसके साथ ही कुछ इलाकों में मुसीबतें भी बढ़ने लगी हैं। मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है।
ताजा अनुमान के मुताबिक, सोमवार को राज्य के 59 जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार थमेगी नहीं, बल्कि इसका दायरा पूरे प्रदेश में और ज्यादा फैलने वाला है।
रविवार की शाम को राजधानी लखनऊ के लोगों को अचानक बदले मौसम का अहसास हुआ, जहां तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई। इस बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी लखनऊ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दिनभर में एक या दो बार तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
यूपी में मानसून का कहर! इन जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लखनऊ के अलावा गाजियाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, बलिया और जालौन जैसे प्रमुख शहरों में भी रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तरी ओडिशा तट के पास एक विशेष वेदर सिस्टम (मौसम तंत्र) सक्रिय हुआ है, जिसका सीधा असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल रहा है। हालांकि, इस सिस्टम के कारण अगले दो दिनों तक यूपी के कुछ हिस्सों में मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है।
इस दौरान पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ गिने-चुने जिलों में केवल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लेकिन राहत की बात यह है कि दो दिनों के इस संक्षिप्त ब्रेक के बाद, यानी 7 जुलाई से मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ एक्टिव हो जाएगा, जिससे प्रदेशभर में भारी बारिश का नया दौर शुरू होगा।
यूपी में मानसून के बीच उमस का अटैक: चिपचिपी गर्मी बढ़ाएगी परेशानी, जानिये अपने जिले का हाल
मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ कई जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने (वज्रपात) को लेकर भी लोगों को अलर्ट किया है। जिन जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है, उनमें गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, कन्नौज, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, मथुरा, हाथरस और अमरोहा शामिल हैं। प्रशासन ने इन जिलों के निवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
Location : Lucknow
Published : 6 July 2026, 7:40 AM IST