दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने डेढ़ साल के बेटे की गला दबाकर हत्या, यमुना में फेंका शव
पैलानी थाना क्षेत्र में एक पिता ने डेढ़ वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर शव यमुना नदी में फेंक दिया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया, गांव में शोक का माहौल।
Banda: उत्तर प्रदेश के पैलानी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। पचकौरी गांव में एक व्यक्ति ने अपने ही डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के इरादे से शव को यमुना नदी की बीच धारा में फेंक दिया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
रात में उठाया बेटा, यमुना किनारे ले जाकर की हत्या
यह घटना 5 जनवरी की रात की बताई जा रही है। फतेहपुर जनपद के ललौली थाना क्षेत्र स्थित धनुहन डेरा गांव निवासी राजेंद्र अपनी पत्नी शारदा से मिलने ससुराल पचकौरी आया था। देर रात जब पत्नी सो रही थी, तभी वह चुपचाप अपने डेढ़ वर्षीय बेटे कार्तिक को लेकर घर से निकल गया। करीब 150 मीटर दूर यमुना नदी के किनारे पहुंचकर उसने बेरहमी से मासूम का गला घोंट दिया। इसके बाद शव को नाव में रखकर यमुना की बीच धारा में फेंक दिया और फरार हो गया।
सुबह मचा हड़कंप, तीन दिन तक होती रही तलाश
अगली सुबह शारदा की नींद खुली तो पति और बेटा दोनों घर से गायब थे। परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मासूम के नाना रामसफल, मामा दिलीप और ग्रामीणों ने तीन दिनों तक यमुना नदी के किनारे और आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश की। ससुराल पक्ष आरोपी के गांव भी पहुंचा, लेकिन राजेंद्र वहां भी नहीं मिला।
दबाव में कबूला जुर्म
शुक्रवार को जब सूचना मिली कि राजेंद्र अपने गांव पहुंचा है, तो ससुरालीजन वहां पहुंचे और उससे सख्ती से पूछताछ की। बढ़ते दबाव के बीच राजेंद्र टूट गया और उसने अपने बेटे की हत्या करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद तुरंत पैलानी पुलिस को सूचना दी गई।
मानसिक रूप से अस्वस्थ होने का दावा
आरोपी के साले दिलीप ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र की पहले ही दो बेटियों की मौत हो चुकी है, जिससे उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। वह अक्सर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देता रहता था। इसी डर के चलते शारदा पिछले डेढ़ साल से मायके में रह रही थी।
पुलिस हिरासत में आरोपी, शव की तलाश जारी
थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यमुना नदी में शव की बरामदगी के प्रयास कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
गांव में पसरा मातम
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पचकौरी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई स्तब्ध है कि एक पिता अपने ही मासूम बेटे के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है।