अब कम उम्र में नहीं होगी शादी, छात्राओं ने उठाया बड़ा संकल्प; हाथरस में गूंजा बाल विवाह के खिलाफ संदेश

हाथरस के एक स्कूल में बाल विवाह के खिलाफ ऐसा जागरूकता कार्यक्रम हुआ, जिसमें छात्राओं ने खुद इस सामाजिक कुरीति के विरोध में खड़े होने का संकल्प लिया। पूर्व पालिकाध्यक्ष ने उन्हें शपथ दिलाते हुए बाल विवाह के नुकसान और कानून की जानकारी दी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 September 2026, 9:10 PM IST

Hathas: शहर के सीयल खेड़ा स्थित श्री ओमवती देवी इंटर कॉलेज में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और इसके खिलाफ समाज की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने छात्राओं को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई।

बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन

इस अवसर पर पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि गंभीर अपराध और बच्चों के अधिकारों का हनन भी है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति सचेत करें।

ये भी पढ़ें- गुरुओं का सम्मान ही समाज की असली पहचान, आलमाइटी संस्था ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया सम्मानित

उन्होंने कहा कि ई-कैट संस्था द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज में बाल विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। छात्राओं को इस अभियान से जोड़कर उन्हें सामाजिक बदलाव का सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कम उम्र में होने वाले विवाह को समय रहते रोका जा सके। कार्यक्रम में बताया गया कि बाल-विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत बाल विवाह पर रोक लगाने का प्रावधान है। कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है।

हाथरस में लगातार चल रहे हैं जागरूकता अभियान

बाल विवाह की रोकथाम को लेकर हाथरस में प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर भी लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। हाल ही में विकासखंड हाथरस में बाल विवाह रोकथाम और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को लेकर ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें ग्राम स्तर तक जागरूकता अभियान चलाने और विभागों के बीच समन्वय पर जोर दिया गया। इसके अलावा जिले में स्कूली बच्चों को बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- ‘अब्बा अब कभी लौटकर नहीं आएंगे’, हाथरस हादसे में 5 मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

कार्यक्रम का संचालन मनोज कुशवाहा ने किया। इस दौरान कॉलेज प्रबंधक मुरारी लाल कुशवाहा, उमेश कुमारी, चित्रा भारद्वाज, मोहित उपाध्याय, गीता गुप्ता, ओमप्रकाश बघेल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Location :  Hathras

Published :  5 September 2026, 9:10 PM IST