हाथरस में दर्दनाक हादसा: ईंटों के चट्टे से टकराई बाइक, 19 साल के अजय की मौत

जलेसर से काम पूरा करके घर लौट रहे तीन युवकों के साथ गंगचौली गांव के पास ऐसा हादसा हुआ कि परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 November 2026, 6:28 PM IST

Hathras News: हाथरस में जलेसर से लौट रहे तीन युवकों की बाइक सड़क किनारे रखे ईंटों के चट्टे से टकरा गई। हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक वीडियोग्राफी का काम करके मोटरसाइकिल से वापस हाथरस लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

गंगचौली गांव के पास हुआ हादसा

मामला कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में जलेसर रोड स्थित गंगचौली गांव के निकट का है। गुरुवार को तीन युवक जलेसर से वीडियोग्राफी का काम पूरा करके मोटरसाइकिल से हाथरस लौट रहे थे। रास्ते में किसी वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे रखे ईंटों के चट्टे से जा टकराई।

टक्कर इतनी गंभीर थी कि बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

हाथरस जिला अस्पताल (Image: Dynamite News)

अस्पताल में डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित किया

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 19 वर्षीय अजय निवासी बाला पट्टी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके साथी हरीश और विनीत को गंभीर चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया।

परिजनों के अनुसार, अजय फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का काम करता था। वह अपने दो साथियों के साथ इसी काम के सिलसिले में जलेसर गया था। काम पूरा करने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से हाथरस लौट रहे थे, तभी गंगचौली गांव के निकट हादसा हो गया।

मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम

अजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को सड़क हादसे और युवक की मौत की सूचना दी गई।

हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन अजय के शव को अपने साथ अंतिम संस्कार के लिए ले गए। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। हादसे में घायल हरीश और विनीत का अस्पताल में उपचार किया गया।

Location :  Hathras

Published :  19 November 2026, 6:28 PM IST