5 दिन से पानी में डूबा पूरा मोहल्ला, बच्चों का स्कूल जाना भी बंद! अब डीएम ऑफिस पहुंचकर लोगों ने सुनाई पूरी कहानी

हाथरस के वार्ड नंबर-2 स्थित सिद्धार्थ नगर में पिछले पांच दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। पानी जमा होने से गलियों में कीचड़, गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। समस्या से परेशान स्थानीय लोग मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम अतुल वत्स से जल निकासी का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 11 August 2026, 6:13 PM IST

Hathras: हाथरस के वार्ड नंबर-2 स्थित सिद्धार्थ नगर में पिछले करीब पांच दिनों से जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात इतने खराब बताए जा रहे हैं कि बच्चों का स्कूल आना-जाना भी मुश्किल हो गया है। जलभराव की समस्या से परेशान सिद्धार्थ नगर के दर्जनभर से ज्यादा महिला-पुरुष और युवा मंगलवार को अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। लोगों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की।

पांच दिन से गलियों में जमा है पानी

स्थानीय महिला संध्या के मुताबिक सिद्धार्थ नगर में करीब पांच दिनों से पानी भरा हुआ है। लगातार पानी जमा रहने के कारण गलियों में कीचड़ और गंदगी की स्थिति बन गई है। संध्या का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। बच्चों को स्कूल भेजना तो मुश्किल है ही, स्कूल से वापस लौटते समय भी अभिभावकों को चिंता बनी रहती है।

बारिश का पानी आसपास से आकर यहीं जमा होता है

स्थानीय लोगों के अनुसार सिद्धार्थ नगर निचले इलाके में बसा हुआ है। आसपास के ऊंचे क्षेत्रों से बारिश का पानी बहकर यहां पहुंचता है। स्थानीय निवासी साजिद ने बताया कि विष्णुपुरी, नगला अलगर्जी, बिजली मिल और खंदारी गढ़ी समेत आसपास के कई इलाकों का पानी ढलान के कारण सिद्धार्थ नगर की तरफ आता है।

हाथरस में कांवड़ यात्रा के बीच ADG का बड़ा एक्शन, सड़कों पर उतरकर किया ऐसा इंतजाम कि टलेंगे हादसे

रेलवे की ओर से निकासी बंद करने का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे लाइन के नीचे से पानी निकलने का रास्ता अब बंद हो गया है। इसी वजह से बस्ती में जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है। लोगों का कहना है कि जब बारिश होती है तो आसपास के क्षेत्रों का पानी भी इसी तरफ आ जाता है। पानी निकलने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण गलियों में कई दिनों तक पानी जमा रहता है।

‘नाला बनवाएं या सड़क ऊंची करें, समाधान चाहिए’

कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने प्रशासन से साफ कहा कि उन्हें सिर्फ अस्थायी राहत नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए। स्थानीय लोगों की मांग है कि मौके का निरीक्षण कराकर बड़ा नाला बनवाया जाए, जिससे बारिश का पानी तेजी से बाहर निकल सके। लोगों का यह भी कहना है कि अगर नाला बनाना संभव नहीं है तो सड़क और गलियों का स्तर ऊंचा किया जाए।

बच्चों ने बनाया वीडियो और लगाई गुहार… 2 दिन में बदल गई तस्वीर! हाथरस के DM ने ऐसा क्या किया कि चेहरे पर लौट आई खुशी?

गंदगी और मच्छरों ने बढ़ाई चिंता

पांच दिनों से पानी जमा रहने के कारण लोगों की दूसरी चिंता स्वास्थ्य को लेकर है। जलभराव के कारण जगह-जगह गंदगी और कीचड़ जमा हो गया है। लोगों का कहना है कि पानी में मच्छर और कीड़े बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोगों को आशंका है कि अगर जल्द पानी नहीं निकाला गया तो बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिवार चिंतित हैं।

समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे लोग

जब कई दिनों तक जलभराव की समस्या दूर नहीं हुई तो स्थानीय लोगों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाने का फैसला किया। दर्जनभर से अधिक महिला-पुरुष और युवा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। लोगों ने जिलाधिकारी अतुल वत्स से मुलाकात कर सिद्धार्थ नगर का मौके पर निरीक्षण कराने और तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।

Location :  Hathras

Published :  11 August 2026, 6:13 PM IST