मासूम तो जंग जीत गया… पर क्या हाथरस बच पाएगा? सिकंदराराऊ में H1N1 की डरावनी वापसी से सहमे लोग

हाथरस में स्वाइन फ्लू के दो मामलों ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है। एक छह माह का मासूम संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हो चुका है, लेकिन अब 50 वर्षीय व्यक्ति के संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने निगरानी और सर्वे तेज कर दिया है। आखिर संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने क्या इंतजाम किए हैं?

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 30 August 2026, 5:10 PM IST
google-preferred

Hathras: जनपद हाथरस में H1N1 (स्वाइन फ्लू) संक्रमण के दो मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। सिकंदराराऊ तहसील के नगरीय क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय यामीन में H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और जांच का दायरा बढ़ाया गया है। यामीन का उपचार अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश के अनुसार, जनपद में सामने आए दोनों मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। सिकंदराराऊ के नगरीय क्षेत्र में संक्रमित मरीज के आसपास के लोगों की निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर संभावित लक्षण वाले लोगों की जानकारी जुटा रही हैं, ताकि संक्रमण की स्थिति में समय रहते जांच और उपचार कराया जा सके।

Hathras News: ट्रक ने जैसे ही ओवरटेक किया, सामने आ गया डंपर… भीषण टक्कर के बाद हाईवे पर मची अफरा-तफरी

सिकंदराराऊ के यामीन की रिपोर्ट पॉजिटिव

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सिकंदराराऊ तहसील के नगरीय क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय यामीन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया गया था। जेएन मेडिकल कॉलेज में हुई जांच में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

मुरसान में छह माह के बच्चे में भी मिला संक्रमण

जनपद में दूसरा मामला मुरसान ब्लॉक क्षेत्र से सामने आया। यहां छह माह के एक बच्चे में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई थी। बच्चे को एक अगस्त को बुखार के लक्षण दिखाई दिए थे। इसके बाद छह अगस्त को अलीगढ़ में जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट आठ अगस्त को पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है और घर पर है। बच्चे के परिजनों तथा गांव में भी स्वास्थ्य टीमों ने जांच और सर्वे किया, जहां किसी अन्य व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण नहीं मिले।

जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड तैयार

दो मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में विशेष आइसोलेशन वार्ड आरक्षित किया है। इसके अलावा सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी के साथ-साथ लोगों को H1N1 के लक्षणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

Hathras Road Accident: रक्षाबंधन से पहले एक ही परिवार में 2 लोगों की मौत, बेटे और पिता की एक साथ उठी अर्थी; हादसे से मचा कोहराम

तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत पर तुरंत कराएं जांच

सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जुकाम, खांसी और सामान्य बुखार होने पर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन तेज बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी, सांस फूलना या हालत बिगड़ने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक जाने से बचने, हाथों की नियमित सफाई रखने और खांसते-छींकते समय मुंह व नाक ढकने की सलाह दी है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

Location :  Hathras

Published :  30 August 2026, 5:10 PM IST

Related News

Advertisement