हाथरस में त्योहारों पर पुलिस का सख्त पहरा, अवैध पटाखों और मिलावटखोरी पर होगी कार्रवाई; अफवाह फैलाने वालों की भी खैर नहीं

हाथरस में धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पर्व को लेकर डीएम सत्य प्रकाश पटेल और एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बैठक की। अवैध पटाखा भंडारण, मिलावटखोरी, अवैध शराब और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 31 October 2026, 3:50 PM IST

Hathras: हाथरस में त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों का भंडारण करने वालों, खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले कारोबारियों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने साफ निर्देश दिए हैं कि जिले में कहीं भी अवैध रूप से पटाखों का भंडारण नहीं होना चाहिए। पटाखों की दुकानों पर लाइसेंस और अग्निशमन सुरक्षा के नियमों का पालन कराया जाए।

पुलिस लाइन में हुई बैठक

आगामी त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में अधिकारियों और शांति समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पटाखों की बिक्री, खाद्य पदार्थों की शुद्धता और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।

हाथरस में रोडवेज बस ने धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, दो किसान घायल

अवैध पटाखा भंडारण पर रहेगी नजर

दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही लगाई जाएं। दुकानदारों के लाइसेंस की जांच करने के साथ अग्निशमन सुरक्षा और अन्य जरूरी मानकों का पालन भी सुनिश्चित कराया जाए। डीएम ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी, उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से पटाखा बिक्री स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

मिलावटखोरों और अवैध शराब बेचने वालों पर भी कार्रवाई

त्योहारों के समय मिठाई, दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हालांकि, डीएम ने यह भी साफ किया कि जांच के नाम पर व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।

अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल की नजर

त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और अफवाहों के जरिए माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए साइबर सेल को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

हाथरस में त्योहारों पर पुलिस का सख्त पहरा (IMG: Dynamite News)

भैया दूज पर बढ़ेगा यातायात का दबाव

त्योहारों के दौरान बाजारों और सड़कों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। खासकर भैया दूज पर यातायात का दबाव अधिक रहने की आशंका को देखते हुए डीएम ने पुलिस और परिवहन विभाग को मिलकर यातायात व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर जाम की स्थिति न बने और लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए पहले से योजना तैयार की जाए। रोडवेज बसों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बसों में ओवरलोडिंग पर भी रोक लगाई जाए।

लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अभियोजन कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने गंभीर अपराधों में प्रभावी पैरवी करने और गैर-जमानती वारंटों का शत-प्रतिशत तामीला कराने के निर्देश दिए। पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में मजबूत पैरवी करने और लंबित मुकदमों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

हाथरस में दर्दनाक हादसा! पाइप का बिगड़ा संतुलन, मजदूर गंभीर रूप से घायल

स्कूल-कॉलेजों से शुरू होगा अभियान

बैठक में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एनसीओआरडी और एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने नशा मुक्ति के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

त्योहारों पर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। महिला सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएंगे।

Location :  Hathras

Published :  31 October 2026, 3:50 PM IST